Uncategorized

धमतरी में युवा फेस्ट का आयोजन 24 एवं 25 अप्रैल को

कलेक्टर ने लिया तैयारियों का जायजा, व्यवस्थाओं को लेकर दिए निर्देश

धमतरी- जिले में 24 एवं 25 अप्रैल को आयोजित होने वाले युवा फेस्ट कार्यक्रम की तैयारियों का कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने बीसीएस पीजी कॉलेज पहुंचकर जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने संबंधित नोडल अधिकारियों से कार्यक्रम की तैयारियों की प्रगति की जानकारी प्राप्त की। कलेक्टर श्री मिश्रा ने कहा कि यह कार्यक्रम महाविद्यालय में अध्ययन करने वाले छात्र-छात्राओं का है। कार्यक्रम से संबंधित तैयारी एवं व्यवस्थायें इनके माध्यम से हो तो इन्हें अपनी प्रतिभा दिखाने, नई चीजें सीखने और विभिन्न क्षेत्रों में आगे बढ़ने का एक महत्वपूर्ण अवसर प्रदान करेगा। कलेक्टर ने वर्कशॉप, सांस्कृतिक कार्यक्रम, खेलकूद प्रतियोगिताएं और मुख्य वक्ताओं के सत्रों से जुड़ी तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी गतिविधियां सुव्यवस्थित ढंग से संचालित हों और समय-निर्धारण का विशेष ध्यान रखा जाए। कलेक्टर श्री मिश्रा ने कहा कि गर्मी के मौसम को ध्यान में रखते हुए आपातकालीन चिकित्सा व्यवस्था और पर्याप्त मात्रा में पानी, भेजन की उपलब्धता सुनिश्चित करें।
कलेक्टर श्री मिश्रा ने स्पष्ट किया कि इस युवा फेस्ट में जिले के अलावा अन्य जिलों से भी महाविद्यालयीन छात्र-छात्राएं भाग लेंगे। ऐसे में प्रतिभागियों के लिए बेहतर और सुरक्षित वातावरण सुनिश्चित करना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने प्रतिभागियों के ठहरने, परिवहन, चिकित्सा सुविधा, पेयजल और सुरक्षा व्यवस्था का विशेष रूप से निरीक्षण किया और अधिकारियों को इन व्यवस्थाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान आवास व्यवस्था, भोजन की गुणवत्ता, साफ-सफाई और स्वच्छता बनाए रखने पर भी जोर दिया गया। कलेक्टर ने कहा कि सभी स्थानों पर स्वच्छता बनी रहनी चाहिए और प्रतिभागियों को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को नियमित निगरानी रखने और समस्याओं का त्वरित समाधान करने के निर्देश दिए। इसके अलावा कलेक्टर ने मंच संचालन, साज-सज्जा, साउंड एवं लाइट व्यवस्था, प्रचार-प्रसार, इनोवेशन गतिविधियां, ई-मेल समन्वय और प्रोटोकॉल व्यवस्थाओं की भी समीक्षा की। उन्होंने आयोजन के दौरान तकनीकी व्यवस्थाओं को सुचारू बनाए रखने और सभी कार्यक्रमों का प्रभावी संचालन सुनिश्चित करने के लिए विशेष निर्देश दिए। अग्निशमन व्यवस्था, सुरक्षा प्रबंधन, यातायात नियंत्रण और पार्किंग व्यवस्था पर भी कलेक्टर ने गंभीरता से ध्यान देने को कहा। उन्होंने निर्देशित किया कि आयोजन स्थल पर पर्याप्त सुरक्षा बल तैनात किया जाए और यातायात व्यवस्था इस प्रकार बनाई जाए कि किसी भी प्रकार की अव्यवस्था उत्पन्न न हो।
कलेक्टर श्री मिश्रा ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने पर बल देते हुए कहा कि युवा फेस्ट का सफल आयोजन जिले की प्रतिष्ठा से जुड़ा हुआ है। उन्होंने अधिकारियों को समय-सीमा के भीतर सभी तैयारियां पूर्ण करने और हर व्यवस्था को दुरुस्त रखने के निर्देश दिए। उन्होंने यह भी कहा कि यह आयोजन केवल मनोरंजन तक सीमित नहीं है, बल्कि युवाओं के सर्वांगीण विकास का एक सशक्त माध्यम है। इसलिए सभी संबंधित अधिकारी इसे गंभीरता से लें और इसे सफल बनाने में अपनी पूरी जिम्मेदारी निभाएं, ताकि युवा फेस्ट जिले के लिए एक यादगार और प्रेरणादायक आयोजन बन सके।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!