Uncategorized

युवा फेस्ट 2026 का सकारात्मक प्रभाव: स्थानीय मंच से राष्ट्रीय पहचान, छात्र को आईटी कंपनी में अवसर

एआई कार्यशाला से सीधे बेंगलुरु की सॉफ्टवेयर कंपनी पहुंचे 12वीं के छात्र प्रतीक


धमतरी। धमतरी में 24-25 अप्रैल को आयोजित युवा फेस्ट 2026 के सकारात्मक परिणाम सामने आने लगे हैं। यह आयोजन युवाओं के लिए नई संभावनाओं के द्वार खोलने वाला सिद्ध हो रहा है। इसी क्रम में कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) कार्यशाला से एक प्रेरणादायक सफलता कहानी सामने आई है। अभनपुर निवासी कक्षा 12वीं के छात्र प्रतीक ताम्रकार का चयन बेंगलुरु स्थित टेक्निकोज सॉफ्टवेयर प्राइवेट लिमिटेड में ग्रीष्मकालीन प्रशिक्षण के लिए किया गया है। यह अवसर उन्हें कार्यशाला में सक्रिय सहभागिता, तकनीकी समझ और उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर प्राप्त हुआ। वे अप्रैल से जून 2026 तक कंपनी के साथ कार्य कर व्यावहारिक अनुभव प्राप्त करेंगे। कार्यक्रम के दौरान विशेषज्ञों द्वारा युवाओं को कृत्रिम बुद्धिमत्ता, डिजिटल कौशल, स्टार्टअप व्यवस्था एवं आधुनिक तकनीकों की व्यवहारिक जानकारी दी गई। प्रतिभागियों को प्रायोगिक प्रशिक्षण, परियोजना आधारित सीख और करियर मार्गदर्शन का अवसर भी मिला। प्रतीक ने अपनी जिज्ञासा और नवाचार की सोच से प्रशिक्षकों को प्रभावित किया। कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने इस उपलब्धि पर बधाई देते हुए कहा कि युवा फेस्ट का उद्देश्य युवाओं की प्रतिभा को पहचान कर उन्हें उचित दिशा और मंच प्रदान करना है। उन्होंने कहा कि यह सफलता दर्शाती है कि ग्रामीण और छोटे शहरों के युवा भी राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बना सकते हैं। उन्होंने अन्य युवाओं से भी ऐसे कार्यक्रमों में भाग लेने की अपील की, ताकि वे आधुनिक तकनीकों से जुड़कर अपने भविष्य को बेहतर बना सकें। समग्र रूप से युवा फेस्ट 2026 युवाओं के सर्वांगीण विकास का प्रभावी माध्यम साबित हुआ है। इसने युवाओं में आत्मविश्वास, नवाचार और नेतृत्व क्षमता को बढ़ावा दिया है। प्रतीक ताम्रकार ने अपनी सफलता का श्रेय अपने चाचा पवन कुमार ताम्रकार, प्राध्यापक, शासकीय महाविद्यालय कुरूद को दिया, जिनके मार्गदर्शन से वे इस अवसर तक पहुंच सके। उल्लेखनीय है कि इस फेस्ट में तकनीक, खेल, कला, नवाचार और उद्यमिता से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनका उद्देश्य युवाओं को भविष्य के लिए तैयार करना है।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!