Uncategorized

धमतरी से नेपाल तक साइकिल पर गूँजा नशा मुक्ति का संदेश: कलेक्टर ने जांबाज युवा तुलसीराम साहू को किया सम्मानित


धमतरी। जिले में आयोजित युवा उत्सव 2026 के अंतर्गत कलेक्टोरेट सभा कक्ष में हुए सम्मान समारोह में समाज कल्याण विभाग के माध्यम से नशा मुक्ति के लिए सक्रिय रूप से कार्य कर रहे युवा तुलसीराम साहू को कलेक्टर अबिनाश मिश्रा द्वारा प्रमाण पत्र एवं प्रतीक चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर उनके समर्पण, साहस और समाज के प्रति सकारात्मक पहल की सराहना की गई। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कलेक्टर श्री मिश्रा ने कहा कि नशा मुक्त समाज के निर्माण के लिए युवाओं की भागीदारी अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि नशे की प्रवृत्ति से समाज को बाहर निकालने के लिए जागरूकता ही सबसे प्रभावी माध्यम है, और तुलसीराम साहू का प्रयास इस दिशा में एक प्रेरणादायक उदाहरण प्रस्तुत करता है। उन्होंने अन्य युवाओं से भी इस अभियान से जुड़कर समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने का आह्वान किया। तुलसीराम साहू द्वारा नशा मुक्ति का संदेश जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से साइकिल के माध्यम से धमतरी से नेपाल तक की यात्रा की गई, जिसे प्रशासन द्वारा सराहनीय पहल बताया गया। उनकी इस यात्रा ने आमजन में जागरूकता फैलाने के साथ-साथ युवाओं को सामाजिक सरोकारों के प्रति प्रेरित किया है। अपने अनुभव साझा करते हुए तुलसीराम साहू ने बताया कि वर्ष 2020 में उन्होंने दिल्ली के लाल किला से नारी सुरक्षा का संदेश देते हुए साइकिल यात्रा प्रारंभ की थी। इसके पश्चात वर्ष 2024 में अयोध्या स्थित राम जन्मभूमि से नशा मुक्ति का संदेश लेकर यात्रा निकाली। हाल ही में नेपाल यात्रा के दौरान उन्हें विभिन्न स्थानों पर आमजन का व्यापक सहयोग मिला, जिसके लिए उन्होंने सभी का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में एसडीएम पीयूष तिवारी, जिला शिक्षा अधिकारी अभय जायसवाल, उपसंचालक समाज कल्याण डॉ. मनीष पांडे सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी एवं महाविद्यालय के छात्र-छात्राएं उपस्थित थे।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!