Uncategorized

आईपीएल में ऑनलाइन सट्टा, पुलिस ने दबिश देकर दो युवकों को किया गिरफ्तार

रुद्री रोड में बग्गा बार के पीछे चल रहा था खेल, मोबाइल-नगदी जब्त

धमतरी। आईपीएल सीजन में ऑनलाइन सट्टा खिलाने वालों पर धमतरी पुलिस ने एक और बड़ी कार्रवाई की है। सिटी कोतवाली पुलिस ने रुद्री रोड स्थित बग्गा बार के पीछे दबिश देकर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से मोबाइल, नगदी और ट्रांजेक्शन सबूत समेत कुल 36 हजार रुपये की संपत्ति जब्त की गई है। पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में जिले में ऑनलाइन सट्टा पर सतत निगरानी रखी जा रही है। गुरुवार को पेट्रोलिंग के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि रुद्री रोड पर कुछ लोग आईपीएल मैच में ऑनलाइन रुपये-पैसों का हार-जीत का दांव लगाकर सट्टा संचालित कर रहे हैं।
सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने बताए गए स्थान पर दबिश दी। मौके से आरोपी विकाश पटेल 25 वर्ष निवासी पंचायत भवन के पास लाल बगीचा और टिकेश्वर साहू 27 वर्ष निवासी गंगरेल को पकड़ा गया। पूछताछ में दोनों ने आईपीएल मैच में ऑनलाइन सट्टा खिलाना कबूल किया। विकाश पटेल से मोटोरोला G85 मोबाइल कीमत 8,000 रुपये, ट्रांजेक्शन के स्क्रीनशॉट और नगदी 18,000 रुपये तथा टिकेश्वर साहू से वीवो मोबाइल कीमत 10,000 रुपये जब्त किया गया। दोनों आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 की धारा 7 एवं धारा 112 बीएनएस के तहत थाना सिटी कोतवाली में अपराध दर्ज कर गिरफ्तार किया गया। शुक्रवार को दोनों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। धमतरी पुलिस ने आमजन से अपील की है कि अवैध ऑनलाइन सट्टा-जुए से दूर रहें और ऐसी गतिविधियों की सूचना तत्काल पुलिस को दें। पुलिस की ऑनलाइन जुए पर पैनी नजर है और आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!