Uncategorized

महंगी कार में ओडिशा से महाराष्ट्र ले जा रहे थे गांजा, धमतरी पुलिस ने 3 युवकों को धर दबोचा

सांकरा चेकपोस्ट में की गई कार्रवाई, 55 किलो गांजा किया गया जब्त

धमतरी। अंतरराज्यीय गांजा तस्करी पर कार्रवाई करते हुए धमतरी पुलिस ने सांकरा चेक पोस्ट पर 55 किलो गांजा के साथ तीन युवकों को गिरफ्तार किया है। डस्टर कार और 4 मोबाइल सहित कुल 33 लाख 53 हजार 500 रुपये का माल जब्त किया गया है। पुलिस अधीक्षक सूरजसिंह परिहार के निर्देश पर मादक पदार्थों के अवैध परिवहन पर सतत निगाह रखी जा रही है। बोरई, कुन्दई जिला नबरंगपुर, ओडिशा एवं विश्रामपुरी जिला कोंडागांव ट्राई-जंक्शन पर अंतरराज्यीय समन्वय को मजबूत किया गया है। एसपी द्वारा नाकों पर तैनात अधिकारी-कर्मचारियों को प्रत्येक वाहन की सूक्ष्म जांच के कड़े निर्देश दिए गए हैं। 4 मई को सांकरा नाका में सघन वाहन चेकिंग के दौरान मैनपुर की ओर से आ रही रेनॉल्ट डस्टर वाहन क्रमांक एमएच 45 एडी 9001 को रोका गया। वाहन में सवार तीन संदिग्धों से पूछताछ कर डिक्की की तलाशी ली गई। इसमें 38 पैकेटों में भरा कुल 54 किलो 970 ग्राम गांजा मिला, जिसकी कीमत लगभग 27 लाख 50 हजार रुपये आंकी गई। पूछताछ में आरोपियों ने उक्त गांजा बलांगीर ओडिशा से खरीदकर नासिक महाराष्ट्र ले जाना स्वीकार किया। आरोपियों की पहचान अमोल अरुण ओढेकर 33 वर्ष निवासी देवी मंदिर रोड शिंदे नासिक, तनिष गायकवाड 19 वर्ष निवासी श्रीरामपुर जिला अहमदनगर और ऋषिकेश साहेब सिरसाट 23 वर्ष राहाता जिला अहमदनगर महाराष्ट्र के रूप में हुई।
आरोपियों से गांजा व रेनॉल्ट डस्टर वाहन के साथ ही 4 मोबाइल फोन कुल 33 लाख 53 हजार 500 रुपये का माल जब्त किया गया। तीनों के विरुद्ध थाना सिहावा में अधारा 20(बी) एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा जा रहा है। उल्लेखनीय है कि 15 दिन पूर्व ही सांकरा चेक पोस्ट पर सिहावा पुलिस एवं वन विभाग की संयुक्त टीम ने 127 किलोग्राम गांजा कीमत 63 लाख 54 हजार 500 रुपये, वाहन व दो मोबाइल कुल 72 लाख 71 हजार रुपये मूल्य की संपत्ति जब्त की थी। लगातार हो रही सख्त कार्यवाहियों से सीमावर्ती क्षेत्र में सक्रिय तस्करी नेटवर्क कमजोर हो रहा है।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!