धमतरी में पुलिस ने लौटाये 151 गुम मोबाइल, नागरिकों के चेहरे पर लौटाई मुस्कान
एसपी का गुम मोबाइल वापसी अभियान बना आमजन के लिए बड़ी राहत, अब तक 670 से अधिक मोबाइल किए जा चुके हैं सुपुर्द
ओडि़शा एवं मध्यप्रदेश तक ट्रेस किए गए मोबाइल, धमतरी पुलिस की मेहनत रंग लाई

धमतरी। पुलिस अधीक्षक सूरज सिंह परिहार के निर्देशन में संचालित गुम मोबाइल वापसी अभियानह्व के तहत आज पुलिस लाईन रूद्री स्थित पुलिस कंपोजिट बिल्डिंग में विशेष मोबाइल वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में महापौर धमतरी जगदीश रामू रोहरा मुख्य अतिथि एवं कलेक्टर धमतरी अबिनाश मिश्रा विशेष रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान जिले भर से गुम हुए एवं पुलिस द्वारा तकनीकी सहायता से खोजे गए 151 मोबाइल फोन उनके वास्तविक स्वामियों को विधिवत सुपुर्द किए गए। उल्लेखनीय है कि कुछ मोबाइल फोन ओडि़शा एवं मध्यप्रदेश में उपयोग किए जा रहे थे, जिन्हें धमतरी पुलिस की साइबर टीम द्वारा ट्रेस कर रिकवर किया गया और धारकों को लौटाया गया. उल्लेखनीय है कि धमतरी पुलिस द्वारा पूर्व में भी प्रभावी कार्यवाही करते हुए नवरात्रि में 108 सहित कुल 670 से अधिक गुम मोबाइल फोन उनके वास्तविक मालिकों को वापस किए जा चुके हैं। कई हितग्राहियों ने बताया कि वर्षों पहले गुम हुए मोबाइल वापस मिलने की उम्मीद उन्होंने छोड़ दी थी, लेकिन धमतरी पुलिस की इस पहल ने आमजन का पुलिस के प्रति विश्वास और मजबूत किया है। मोबाइल प्राप्त करने के बाद हितग्राहियों के चेहरे पर खुशी साफ दिखाई दी। कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक सूरज सिंह परिहार ने अपने उद्बोधन की शुरुआत में दो दिन पहले गश्त ड्यूटी के दौरान सड़क दुर्घटना में दिवंगत हुए प्रधान आरक्षक स्वर्गीय विजय बैरागी को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए की। उन्होंने कहा कि मोबाइल आज प्रत्येक व्यक्ति के जीवन का आवश्यक अंग बन चुका है। उन्होंने अपने निजी अनुभव साझा करते हुए बताया कि मोबाइल गुम होने की पीड़ा को वे स्वयं भी समझते हैं, इसलिए धमतरी पुलिस आम नागरिकों को राहत पहुंचाने हेतु पूरी संवेदनशीलता एवं प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। महापौर धमतरी जगदीश रामू रोहरा ने गुम मोबाइलों को खोजकर उनके वास्तविक स्वामियों को वापस लौटाने की कार्यवाही की सराहना करते हुए कहा कि पुलिस अधीक्षक सूरज सिंह परिहार के नेतृत्व में धमतरी पुलिस आमजन के हित में लगातार सराहनीय एवं विश्वास बढ़ाने वाले कार्य कर रही है, लगातार अपराधों में कमी आ रही है, नशे के विरुद्ध भी उल्लेखनीय काम हुआ है। उन्होंने आगे कहा कि वर्षों से गुम मोबाइल वापस मिलना नागरिकों के लिए बड़ी राहत एवं खुशी की बात है तथा इससे जनता और पुलिस के बीच विश्वास और अधिक मजबूत हुआ है। कलेक्टर धमतरी अबिनाश मिश्रा ने अपने उद्बोधन में कहा कि धमतरी पुलिस द्वारा आधुनिक तकनीक, साइबर ट्रैकिंग एवं बेहतर टीमवर्क के माध्यम से गुम मोबाइलों को खोजकर उनके वास्तविक स्वामियों तक पहुंचाने का कार्य अत्यंत सराहनीय एवं जनहितकारी है। उन्होंने कहा कि इस पहल के लिए पुलिस कप्तान और उनकी टीम बधाई की पात्र है । इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शैलेन्द्र कुमार पाण्डेय, सीएसपी अभिषेक चतुर्वेदी, डीएसपी साइबर भानूप्रताप चंद्राकर, मीडिया प्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक एवं बड़ी संख्या में मोबाइल हितग्राही उपस्थित रहे।
