स्थानीय बाजारों को मजबूत करना समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है — राजा रोहरा

धमतरी। वैश्विक आर्थिक अस्थिरता, बढ़ती महंगाई एवं बदलते व्यापारिक माहौल के बीच धमतरी चेंबर ऑफ कॉमर्स के संस्थापक एवं सचिव तथा छत्तीसगढ़ चेंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के प्रदेश उपाध्यक्ष राजा रोहरा ने आम नागरिकों एवं व्यापारियों से स्थानीय बाजारों को मजबूत करने की अपील की है।
राजा रोहरा ने कहा कि देश के प्रधानमंत्री द्वारा लगातार देशवासियों से ईंधन बचत, सार्वजनिक परिवहन के उपयोग, अनावश्यक खर्चों में कमी, स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा, विदेशी निर्भरता कम करने तथा वोकल फॉर लोकल को अपनाने का आवाहन किया जा रहा है। यह केवल एक सामान्य अपील नहीं, बल्कि देश की आर्थिक मजबूती एवं आने वाले समय की चुनौतियों को ध्यान में रखते हुए दिया गया दूरदर्शी संदेश है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री द्वारा जिन प्रमुख विषयों पर जोर दिया गया है, उनमें ईंधन की बचत, वर्क फ्रॉम होम एवं डिजिटल कार्यप्रणाली को बढ़ावा, अनावश्यक सोने की खरीद में संयम, विदेशी यात्राओं के बजाय देश के भीतर खर्च को प्राथमिकता, खाद्य तेलों के संतुलित उपयोग, प्राकृतिक खेती को बढ़ावा तथा मजबूत स्थानीय सप्लाई चेन विकसित करना शामिल है। इन सभी बातों का सीधा संबंध देश की अर्थव्यवस्था, स्थानीय व्यापार और आम नागरिकों की आर्थिक सुरक्षा से जुड़ा हुआ है। राजा रोहरा ने कहा कि आज सबसे अधिक आवश्यकता इस बात की है कि देश की जनता ऑनलाइन प्लेटफॉम्र्स एवं बड़े बाहरी कॉर्पोरेट बाजारों के अत्यधिक आकर्षण से बाहर निकलकर अपने आसपास के स्थानीय बाजारों से जुड़े। जब कोई नागरिक अपने ही शहर की दुकान से खरीदारी करता है, तो उसका पैसा उसी शहर की अर्थव्यवस्था में घूमता है। यही पैसा व्यापारी, कर्मचारी, मजदूर, ट्रांसपोर्ट, छोटे उद्योग एवं अन्य अनेक लोगों तक पहुंचकर रोजगार की पूरी श्रृंखला को जीवित रखता है। स्थानीय व्यापारियों से खरीदारी करने से शहर की आर्थिक शक्ति मजबूत होती है, युवाओं को रोजगार मिलता है तथा पैसा अपने ही क्षेत्र में संचालित रहता है। उन्होंने सभी व्यापारियों से भी अपील की कि वे ग्राहकों को बेहतर सेवा, उचित मूल्य एवं विश्वास प्रदान करें ताकि अधिक से अधिक लोग पुन: स्थानीय बाजारों की ओर आकर्षित हों। साथ ही युवाओं एवं आम नागरिकों से लोकल खरीदो — लोकल बचाओ अभियान से जुडऩे का आग्रह किया। अंत में राजा रोहरा ने कहा कि यदि हर नागरिक यह संकल्प ले कि वह अपने आसपास के स्थानीय बाजार से खरीदारी करेगा, तो धमतरी सहित पूरे प्रदेश की आर्थिक स्थिति और अधिक मजबूत होगी तथा लाखों छोटे व्यापारियों एवं कर्मचारियों का भविष्य सुरक्षित रहेगा।