Uncategorized

करैहा,सारंगपुरी के जंगल में लगी भीषण आग, वन विभाग कर रही बुझाने का प्रयास

बिरगुड़ी वन परिक्षेत्र अंतर्गत कंपार्टमेंट नंबर 435 मे लगी आग

धमतरी जिले के बिरगुड़ी वन परिक्षेत्र अंतर्गत करैहा और सारंगपुरी के जंगल में अचानक भीषण आग लगने से इलाके में हड़कंप मच गया। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते जंगल का बड़ा हिस्सा इसकी चपेट में आ गया। बताया जा रहा है कि यह पूरा मामला कंपार्टमेंट नंबर 435 का है, जहां तड़के सुबह अचानक धुआं और आग की लपटें उठती दिखाई दीं।
स्थानीय ग्रामीणों ने सबसे पहले जंगल से उठते धुएं को देखा, जिसके बाद इसकी सूचना तत्काल वन विभाग को दी गई। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाने के प्रयास शुरू कर दिए। विभागीय कर्मचारी लगातार जंगल के अंदर पहुंचकर आग को फैलने से रोकने में जुटे हुए हैं।फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। शुरुआती तौर पर आशंका जताई जा रही है कि तेज गर्मी और सूखी पत्तियों की वजह से आग तेजी से फैली, हालांकि विभाग हर पहलू से मामले की जांच कर रहा है। आग की वजह से जंगल में मौजूद पेड़-पौधों को भी नुकसान पहुंचने की संभावना जताई जा रही है।
वन विभाग के अधिकारियों के मुताबिक आग पर पूरी तरह नियंत्रण पाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। आसपास के क्षेत्रों में भी निगरानी बढ़ा दी गई है ताकि आग दूसरे हिस्सों तक न फैल सके। घटना आज तड़के सुबह की बताई जा रही है, जिसके बाद से इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बना हुआ है।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!