उदंती सीतानदी टाइगर रिजर्व में दुर्लभ हिमालयी ट्राइकारिनेट हिल टर्टल की खोज
अपनी विशिष्ट तीन धारियों वाली कवच संरचना एवं अत्यंत गुप्त स्वभाव के लिए जाना जाता है ट्राइकारिनेट हिल टर्टल

धमतरी. उदंती सीतानदी टाइगर रिजर्व में हाल ही में दुर्लभ एवं अत्यंत कम दिखाई देने वाले ट्राइकारिनेट हिल टर्टल की खोज ने एक बार फिर टाइगर रिजर्व की समृद्ध जैव विविधता एवं बेहतर होती पारिस्थितिक स्थिति को उजागर किया है। यह विशिष्ट कछुआ प्रजाति सामान्यत: हिमालय की तलहटी एवं पूर्वोत्तर भारत के पर्वतीय पारिस्थितिक तंत्रों में पाई जाती है। मध्य भारत में इसकी उपस्थिति को एक महत्वपूर्ण एवं वैज्ञानिक दृष्टि से अत्यंत उल्लेखनीय खोज माना जा रहा है। ट्राइकारिनेट हिल टर्टल अपनी विशिष्ट तीन धारियों वाली कवच संरचना एवं अत्यंत गुप्त स्वभाव के लिए जाना जाता है। यह प्रजाति सामान्यत: हिमालयी एवं उप-हिमालयी वनों में आद्र्र आवासों तथा बारहमासी जल स्रोतों वाले क्षेत्रों में पाई जाती है। उदंती सीतानदी टाइगर रिजर्व में इसकी उपस्थिति उच्च गुणवत्ता वाले अविच्छिन्न वन पारितंत्र एवं उपयुक्त सूक्ष्म आवासों की उपलब्धता को दर्शाती है। वन्यजीव विशेषज्ञों का मानना है कि इस प्रकार की खोजें उदंती सीतानदी टाइगर रिजर्व के वनों के पारिस्थितिक महत्व एवं छिपी हुई जैव विविधता क्षमता को रेखांकित करती हैं।
उदंती सीतानदी टाइगर रिजर्व में मिल चुकी है दुर्लभ जीवो की मिली प्रजाति
उक्त खोज हाल के वर्षों में उदंती सीतानदी टाइगर रिजर्व में दर्ज अन्य महत्वपूर्ण वन्यजीव अभिलेखों की श्रृंखला में एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि है। इनमें दुर्लभ मालाबार पाइड हॉर्नबिल, इंडियन जायंट फ्लाइंग स्क्विरल, इंडियन जायंट स्क्विरल तथा स्मूथ-कोटेड ऊदबिलाव की उपस्थिति एवं दस्तावेजीकरण शामिल हैं। ये सभी प्रजातियाँ सुरक्षित वन आवासों एवं न्यूनतम मानवीय हस्तक्षेप पर अत्यधिक निर्भर होती हैं, जो यह दर्शाता है कि उदंती सीतानदी टाइगर रिजर्व का पारिस्थितिक तंत्र निरंतर पुनर्जीवित हो रहा है तथा विविध वन्यजीवों के लिए सुरक्षित आवास उपलब्ध करा रहा है।
संकटग्रस्त प्रजातियों के संरक्षण में मिली महत्वपूर्ण सफलता
अधिकारियों ने बताया कि रिजर्व में एंटी-पोचिंग तंत्र को सशक्त बनाने से संवेदनशील एवं संकटग्रस्त प्रजातियों के संरक्षण में महत्वपूर्ण सफलता मिली है। पिछले चार वर्षों में उदंती सीतानदी टाइगर रिजर्व की विशेष एंटी-पोचिंग टीम द्वारा 80 से अधिक सफल अभियान संचालित किए गए हैं। सघन वन गश्त, ड्रोन आधारित निगरानी, अक आधारित मॉनिटरिंग सिस्टम तथा वन्यजीव अपराधियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई से रिजर्व में अवैध गतिविधियों में उल्लेखनीय कमी आई है। लगभग 956 हेक्टेयर क्षेत्र से अतिक्रमण हटाने एवं महत्वपूर्ण आवासों के पुनस्र्थापन से पारिस्थितिक संपर्क एवं वन्यजीव सुरक्षा और अधिक मजबूत हुई है।