पारा 44 डिग्री के पार, दोपहर में भीषण गर्मी से सड़के हो रही सूनी
गर्मी से लोग हो रहे हलाकान, कूलर, एसी से भी नहीं मिल रही राहत

धमतरी। पिछले कई दिनों से गर्मी से लोग बेहाल हो रहे है। पारा 44 डिग्री के पार होने लगा है। सुबह से धूप तेज और हवायें गर्म हो रही है। नतीजन गर्मी के चलते लोगों की दिनचर्या भी प्रभावित हो रही है।
कुछ दिन पूर्व आसमान में बादल छाये हुए थे। शाम तो तेज हवाएं आंधी चलती थी, हल्की बूंदाबांदी भी हुई जिसमें तापमान में गिरवाट दर्ज की गई, लेकिन आसमान में बादल छंटते ही सूर्य की किरणे सीधे पड़ रही है। इससे पारा तेजी से चढ़ा और अब गर्मी रिकार्ड तोडऩे लगी है। पिछले कुछ दिनों में मानों आसमान से आग बरस रही है। पारा 44 डिग्री के पार चला गया है। सुबह से हवायें गर्म हो रही है। सुबह 11 बजे ही दोपहर 1 बजे वाली गर्मी का अहसास हो रहा है। गर्मी के साथ उमस की मार पड़ रही है। आलम यह है कि इस भीषण गर्मी में कूलर व एसी भी पूरी तरह ठंडक प्रदान नहीं कर पा रही है। ऐसा भी नहीं है कि शाम ढलने के बाद हवायें शीतलता प्रदान करे बल्कि देर रात तक हवा गर्मी का अहसास करा रही है। हालात ऐसी है कि दोपहर में गर्मी के कारण सड़के वीरान हो रही है। लोग आवश्यक कार्य न होने पर दोपहर में घरो से निकलने में परहेज कर रहे है। कामकाजी लोगों द्वारा गर्मी से बचने चश्मे, टोपी, स्कार्फ आदि का सहारा ले रहे है। नवतपा के पहले ही भीषण गर्मी से लोग परेशान हो रहे है।
बिगड़ रही सेहत
भीषण, गर्मी, उमस गर्म हवाओं से सेहत पर विपरीत प्रभाव पड़ता है। जिस प्रकार गर्मी पड़ रही है। उससे लोगों की सेहत बिगड़ रही है। लोग डिहाईड्रशन के शिकार हो रहे है। इसलिए डाक्टरों द्वारा लगातार पानी सेवन व तरल प्रदान लेने की हिदायत दे रहे है। साथ ही धूप और लू से बचने हेतु दोपहर में घरों से बाहर निकलने से बचने, मौसमी फल के सेवन और हल्के रंग के व सूती व ढीले कपड़े पहनने की हिदायत दे रहे है।
भीषण गर्मी में बिजली की आंख मिचौली बढ़ा रही पीड़ा
जिस प्रकार भीषण गर्मी पड़ रही है। एक पल भी लोग कूलर, पंखे, एसी के बगैर नहीं रह पा रहे है। ऐसे में बिजली की निर्बाध सप्लाई अत्यंत आवश्यक है। लेकिन ऐसा हो नहीं पा रहा है। लगातार बिजली बंद होने की शिकायते मिल रही है। कई बार अत्याधिक खपत के कारण विद्युत उपकरणो में खराबी के कारण घंटो बिजली गुल रहती है तो कई बार तेज हवा, आंधी, तूफान के कारण लाईन में फाल्ट आ जाता है। तो कभी मेंटेनेंस के नाम पर बिजली बंद रहती है। जिससे लोग परेशान हो रहे है। दिन के अलावा रात में भी कई बार कम समय के लिए बिजली जाती है। जिससे गर्मी के कारण लोगों की नींद टूट जाती है। बिजली बंद की शिकायत करने पर समाधान व रिस्पांस टाईम भी गर्मी के मौसम में बढ़ गया है। जिससे लोगों को जल्द राहत नहीं मिल पा रही है।

