सरकार की गलत नीतियों के कारण किसान दोहरी मार झेलने हैं मजबूर – भरत नाहर
भखारा नगर पंचायत के पूर्व अध्यक्ष ने कहा डीजल-पेट्रोल की लगातार बढ़ती कीमतों और रासायनिक खाद की कटौती को लेकर किसानों में है नाराजगी

धमतरी। कांग्रेस नेता और भखारा नगर पंचायत के पूर्व अध्यक्ष भरत नाहर ने भाजपा सरकार पर किसानों को परेशान करने का आरोप लगाया है। समिति के माध्यम से पंजीकृत किसान अपना धान सोसाइटी में बिक्री करते हैं। पहली बार किसानों के घर-घर जाकर धान के कोठी का निरीक्षण किया जा रहा है। खेती किसानी के दिन निकट है और डीजल-पेट्रोल की लगातार बढ़ती कीमतों और रासायनिक खाद की कटौती को लेकर किसानों में भारी नाराजगी है। कांग्रेस नेता भरत नाहर ने सरकार पर सीधा हमला बोलते हुए कहा कि किसानों को राहत देने के बजाय सरकार महंगाई और खाद संकट बढ़ाने में लगी हुई है। उन्होंने कहा कि खेती पूरी तरह डीजल आधारित हो चुकी है। समय के साथ नागर, बैल, भैंसा का जमाना गया। ट्रैक्टर, पंप, थ्रेसर और अन्य कृषि उपकरणों के संचालन में डीजल की आवश्यकता पड़ती है। ऐसे समय में लगातार डीजल-पेट्रोल के दाम बढऩे से किसानों की खेती लागत कई गुना बढ़ गई है। वहीं दूसरी ओर रासायनिक खाद की कटौती और पर्याप्त उपलब्धता नहीं होने से किसान परेशान होकर समितियों के बजाय रासायनिक खाद दुकानों के चक्कर काट रहे हैं। कुछ दिन पहले गरियाबंद के किसान भखारा के खाद दुकान में खाद लेने आए थे। श्री नाहर ने आरोप लगाया कि सरकार की गलत नीतियों के कारण किसान दोहरी मार झेलने मजबूर हैं। एक तरफ महंगा ईंधन और दूसरी तरफ खाद की कमी ने खेती को संकट में डाल दिया है।
