ब्रह्माकुमारीज द्वारा प्रकृति परिवर्तन अभियान कार्यक्रम का आयोजन

धमतरी। विश्व पर्यावरण दिवस के उपलक्ष्य में ब्रह्माकुमारीज़ धमतरी द्वारा प्रकृति परिवर्तन अभियान कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में मनोज विश्वकर्मा (एसडीओ वन विभाग), राजयोगिनी प्रेजक्ता दीदी जी (राजयोग शिक्षिका) एवं ब्रह्माकुमारी जगृति दीदी जी विशेष रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रकृति के पति परमात्मा शिव की याद में दीप प्रज्वलन एवं ईश्वरीय स्मृति के साथ किया गया। अपने उद्बोधन में राजयोगिनी प्रेजक्ता दीदी जी ने कहा कि आज संसार में बहुत परिवर्तन आ गया है, किन्तु प्रकृति आज भी निस्वार्थ भाव से हमें सब कुछ प्रदान कर रही है। इसलिए हमें प्रकृति का सम्मान एवं संरक्षण करना चाहिए। उन्होंने बताया कि प्रकृति परिवर्तन अभियान आगामी तीन वर्षों तक देश के 28 राज्यों में स्थित लगभग 5000 ब्रह्माकुमारी सेवा केन्द्रों के माध्यम से चलाया जाएगा। मनोज विश्वकर्मा ने कहा कि वे पहली बार इस अभियान में सम्मिलित हुए हैं और उन्हें एक अलग एवं सकारात्मक अनुभव प्राप्त हो रहा है। उन्होंने कहा कि हम सदैव प्रकृति से लेते ही आए हैं, परंतु हमें यह भी विचार करना चाहिए कि हमने प्रकृति को क्या दिया है।