ग्रामीण अंचल के विकास की मजबूत नींव: माटेगहन में प्रस्तावित परियोजनाओं का कलेक्टर ने लिया जायजा
शिक्षा, खेल और कृषि अधोसंरचना को मिलेगी नई गति, कलेक्टर ने परखी तैयारियां

धमतरी- जिले के ग्रामीण एवं आदिवासी अंचलों में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार और समग्र विकास को गति देने के उद्देश्य से कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने अकलाडोंगरी क्षेत्र के भ्रमण के दौरान ग्राम माटेगहन में प्रस्तावित विभिन्न महत्वपूर्ण निर्माण कार्यों का स्थल निरीक्षण किया। उन्होंने यहां बनने वाले मिनी स्टेडियम, शासकीय कॉलेज तथा खाद-बीज भंडारण गोदामों के लिए चिन्हित भूमि का अवलोकन कर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने बताया कि ग्राम माटेगहन में लगभग 5 एकड़ क्षेत्र में आधुनिक सुविधाओं से युक्त मिनी स्टेडियम का निर्माण किया जाएगा। इसके निर्माण से क्षेत्र के युवाओं को खेल प्रतिभा निखारने के लिए बेहतर मंच उपलब्ध होगा तथा ग्रामीण स्तर पर खेल गतिविधियों को प्रोत्साहन मिलेगा। वहीं लगभग 10 एकड़ क्षेत्र में शासकीय कॉलेज की स्थापना प्रस्तावित है, जिससे आसपास के ग्रामीण एवं आदिवासी अंचलों के विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के लिए दूरस्थ क्षेत्रों में जाने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी।
इसके अलावा कृषि क्षेत्र को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से 200-200 टन क्षमता के दो खाद-बीज गोदाम भी निर्मित किए जाएंगे। इन गोदामों के निर्माण से किसानों को कृषि आदानों की समय पर उपलब्धता सुनिश्चित होगी तथा भंडारण व्यवस्था और अधिक सुदृढ़ बनेगी।
कलेक्टर श्री मिश्रा ने कहा कि शिक्षा, खेल और कृषि से जुड़ी अधोसंरचनाओं का विकास ग्रामीण क्षेत्रों के समग्र उत्थान का आधार है। इन परियोजनाओं के पूर्ण होने से माटेगहन एवं आसपास के गांवों में विकास की नई संभावनाएं विकसित होंगी तथा युवाओं, विद्यार्थियों और किसानों को प्रत्यक्ष लाभ मिलेगा। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सभी प्रक्रियाएं समयबद्ध रूप से पूर्ण कर निर्माण कार्यों को शीघ्र प्रारंभ कराने के निर्देश दिए।


