धरती आबा बिरसा मुंडा की पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि सभा का आयोजन,बिरसा मुंडा चौक नामकरण की घोषणा
आदिवासी समाज का गौरवशाली इतिहास है -ज्योति जैन

महापुरुषों के नाम पर सार्वजनिक स्थलों का नामकरण नई पीढ़ी को उनके आदर्शों से जोड़ने का माध्यम बनेगा-हरख जैन
भखारा। धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की पुण्यतिथि के अवसर पर सर्व आदिवासी समाज द्वारा श्रद्धांजलि कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर समाजजनों ने बिरसा मुंडा जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उनके संघर्ष, त्याग और बलिदान को नमन किया।
कार्यक्रम में बीरबल सिंह कुंजाम, विजय कुंजाम, मिथलेश (मिक्की) कुंजाम एवं समस्त कुंजाम परिवार द्वारा श्रद्धासुमन अर्पित किए गए। उपस्थित वक्ताओं ने कहा कि बिरसा मुंडा का जीवन जल, जंगल, जमीन और आदिवासी अस्मिता की रक्षा के लिए समर्पित रहा, जो आज भी समाज के लिए प्रेरणास्रोत है।
कार्यक्रम में विधायक प्रतिनिधि हरख जैन ने अपने उद्बोधन में बिरसा मुंडा के योगदान को स्मरण करते हुए घोषणा की कि संबंधित चौक का नामकरण भगवान बिरसा मुंडा के नाम पर किया जाएगा। उन्होंने कहा कि महापुरुषों के नाम पर सार्वजनिक स्थलों का नामकरण नई पीढ़ी को उनके आदर्शों से जोड़ने का माध्यम बनेगा।
नगर पंचायत अध्यक्ष श्रीमती ज्योति हरख जैन ने अपने संबोधन में आदिवासी समाज के गौरवशाली इतिहास, अधिकारों तथा जल, जंगल और जमीन के संरक्षण के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने समाज की एकता और जागरूकता को समय की आवश्यकता बताया।कार्यक्रम में नगर पंचायत अध्यक्ष ज्योति हरख जैन,पार्षद छबिलाल निर्मलकर,होमन सिंह कतलम, सेवक कंवर, संतोष नागरची, भूतनाथ पारधी, रूपेश कंवर, दिलीप कंडरा, ठाकुर राम नेताम, सुग्रीव नेताम, बागेश्वर नेताम, देवराज नेताम, डागेश्वर नेताम, कुलेश्वर छेदैया, चंद्रशेखर कोर्राम, दुष्यंत मंडावी, समाजसेवक रामप्रसाद छेदैया सहित तहसील एवं बड़ी संख्या में समाज के गणमान्य नागरिक एवं युवा साथी उपस्थित रहे।