कबीर साहेब ने लोगों को प्रेम, भाईचारे और नैतिक जीवन जीने की प्रेरणा दी- रामू रोहरा
कबीर जयंती एवं भूमिपूजन कार्यक्रम में शामिल हुए महापौर

धमतरी- रत्नाबांधा कबीर नगर स्थित कबीर संस्थान परिसर में आयोजित कबीर जयंती एवं भूमिपूजन कार्यक्रम में महापौर रामू रोहरा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम का आयोजन सद्गुरु कबीर विश्व शांति मिशन द्वारा किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में कबीर पंथ के अनुयायी, संतजन एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे।
इस अवसर पर महापौर रामू रोहरा ने संत कबीर साहेब के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया तथा भूमिपूजन कार्यक्रम में सहभागिता निभाई। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि संत कबीर के विचार आज भी समाज को सत्य, मानवता, सद्भाव और सामाजिक समरसता का संदेश देते हैं। कबीर साहेब ने जात-पात, ऊंच-नीच और अंधविश्वास से ऊपर उठकर मानव कल्याण का मार्ग दिखाया, जो वर्तमान समय में भी उतना ही प्रासंगिक है।
महापौर ने कहा कि कबीर साहेब ने अपने दोहों और उपदेशों के माध्यम से लोगों को प्रेम, भाईचारे और नैतिक जीवन जीने की प्रेरणा दी। उनके विचार समाज में आपसी सौहार्द और एकता को मजबूत करने का कार्य करते हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे आध्यात्मिक एवं सामाजिक कार्यक्रम नई पीढ़ी को भारतीय संत परंपरा और महान संतों के आदर्शों से जोड़ने का कार्य करते हैं।कार्यक्रम में ध्वजारोहण, बीजक पाठ, भजन प्रस्तुति, दीप प्रज्ज्वलन एवं कबीर विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया। साथ ही भूमिपूजन एवं विशेष सम्मान समारोह भी संपन्न हुआ। इस दौरान नशा निषेध संकल्प हस्ताक्षर अभियान की भी शुरुआत की गई।महापौर रामू रोहरा ने आयोजन समिति को सफल कार्यक्रम के लिए शुभकामनाएं देते हुए कहा कि समाज में शांति, सद्भाव और नैतिक मूल्यों के प्रसार के लिए ऐसे आयोजनों की निरंतर आवश्यकता है। कार्यक्रम में विभिन्न आश्रमों से आए संत-महात्माओं का सान्निध्य श्रद्धालुओं को प्राप्त हुआ।

