राइजिंग पाइपलाइन फटने पर निगम ने दिखाई तत्परता, 12 घंटे में सुधार कर बहाल की जलापूर्ति
जल सभापति अखिलेश सोनकर व पार्षद कुलेश सोनी रात भर रहे मौके पर उपस्थित
महापौर रामू रोहरा ने कार्य की गंभीरता देखते हुए हर घंटे श्री सोनकर से लेते रहे जानकारी

धमतरी। नगर निगम के जल विभाग की त्वरित कार्रवाई से राइजिंग पाइपलाइन क्षतिग्रस्त होने के बावजूद शहर की जलापूर्ति बाधित नहीं हुई। 13 जून की शाम लगभग 4 बजे नहर नाका शांति घाट के सामने सड़क चौड़ीकरण कार्य के दौरान ठेकेदार द्वारा लापरवाहीपूर्वक खुदाई किए जाने से जल आवर्धन योजना के फिल्टर प्लांट से ओवरहेड टैंकों तक पानी पहुंचाने वाली मुख्य 450 मिमी राइजिंग पाइपलाइन क्षतिग्रस्त हो गई। पाइपलाइन फटने से बड़ी मात्रा में पानी सड़क पर बहने लगा तथा आसपास के घरों तक पहुंच गया, जिससे क्षेत्र में जलभराव की स्थिति निर्मित हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही जल विभाग के सभापति अखिलेश सोनकर ने तत्काल संज्ञान लेते हुए नगर निगम की टीम को मौके पर भेजा। आवश्यक सामग्री तत्काल रायपुर से मंगाई गई और युद्धस्तर पर मरम्मत कार्य प्रारंभ किया गया। सभापति श्री सोनकर एवं अम्बेडकर वार्ड पार्षद कुलेश सोनी स्वयं पूरी रात मौके पर उपस्थित रहकर कार्य की निगरानी करते रहे,महापौर रामू रोहरा ने उक्त कार्य को गंभीरता लेते हुए हर घंटे सभापति अखिलेश सोनकर से रिपोर्टिंग लेते रहे। लगातार लगभग 12 घंटे की मेहनत के बाद सुबह 4 बजे पाइपलाइन की मरम्मत का कार्य पूरा कर लिया गया, जिसके फलस्वरूप शहर के विभिन्न ओवरहेड टैंकों में जलापूर्ति पुन: प्रारंभ हो गई और नागरिकों को सुबह से सुचारु रूप से पानी मिलने लगा। नगर निगम के महापौर रामू रोहरा एवं जल विभाग के सभापति अखिलेश सोनकर ने कार्य में लगे सभी कर्मचारियों की सराहना करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया।

