किसानों के हित में जुटे विभाग, कुरूद में गूंजा विकास और जनकल्याण का संदेश
पंजीयन शिविर, प्राकृतिक खेती कार्यशाला एवं किसान सम्मेलन में उमड़ी किसानों की बड़ी भागीदारी

धमतरी। केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित विश्वास के, विकास के, जनकल्याण के अभियान के तहत नया मंडी प्रांगण, कुरूद में वृहद पंजीयन शिविर, प्राकृतिक खेती कार्यशाला एवं किसान सम्मेलन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में किसानों, युवाओं, महिलाओं एवं आम नागरिकों को शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देने के साथ-साथ पात्र हितग्राहियों का मौके पर पंजीयन भी किया गया। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि महासमुंद लोकसभा क्षेत्र की सांसद श्रीमती रूप कुमारी चौधरी रहीं। विशिष्ट अतिथि के रूप में जिला सहकारी केंद्रीय बैंक रायपुर के अध्यक्ष निरंजन सिन्हा उपस्थित रहे। कार्यक्रम में जनपद पंचायत कुरूद की अध्यक्ष श्रीमती गीतेश्वरी साहू, जनपद पंचायत मगरलोड के अध्यक्ष बिरेंद्र साहू, नगर पालिका परिषद कुरूद की अध्यक्ष श्रीमती ज्योति भानु चंद्राकर, नगर पंचायत भखारा की अध्यक्ष श्रीमती ज्योति हरख जैन सहित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं बड़ी संख्या में किसानों ने सहभागिता की। शिविर में कृषि, पशुपालन, स्वास्थ्य, नगरीय प्रशासन, पीएम सूर्यघर योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, जल जीवन मिशन, पीएम कौशल विकास योजना सहित विभिन्न विभागों द्वारा आकर्षक स्टॉल लगाए गए। विभागीय अधिकारियों ने योजनाओं की जानकारी देकर हितग्राहियों का पंजीयन किया तथा पात्र नागरिकों को लाभ प्राप्त करने की प्रक्रिया से अवगत कराया। कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की 23वीं किस्त का लाइव प्रसारण रहा। कार्यक्रम में कृषि क्षेत्र में नवाचार एवं उत्कृष्ट कार्य करने वाले प्रगतिशील किसानों का सम्मान भी किया गया।

