Uncategorized

समय-सीमा बैठक में कलेक्टर सख्त, स्कूलों में लापरवाही व केज व्हील ट्रैक्टरों पर कार्यवाही करने के निर्देश


धमतरी। जिले में प्रशासनिक कार्यों की गति तेज करने और विभागीय जवाबदेही सुनिश्चित करने के उद्देश्य से आयोजित समय-सीमा (टीएल) बैठक में कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने विभिन्न विभागों के कार्यों की गहन समीक्षा करते हुए कई महत्वपूर्ण निर्देश जारी किए। बैठक में उन्होंने स्पष्ट किया कि शासन की प्राथमिकता वाले कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। कलेक्टर ने राजस्व, कृषि और परिवहन विभाग के अधिकारियों को केज व्हील लगे ट्रैक्टरों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि केज व्हील के कारण सड़के खराब होती है, जिससे आम लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता है वहीं धान उठाव की प्रगति की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों से निर्धारित समय-सीमा में कार्य पूर्ण करने को कहा। शिक्षा विभाग की समीक्षा के दौरान उन्होंने स्कूलों में पाठ्यपुस्तकों, गणवेश की उपलब्धता तथा शिक्षकों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने पर जोर दिया। स्कूलों में तालाबंदी या शिक्षण व्यवस्था प्रभावित होने की शिकायत मिलने पर संबंधित प्राचार्य और विकासखंड शिक्षा अधिकारी (बीईओ) के विरुद्ध तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने जिले के सभी विद्यालयों में एक माह के भीतर व्यापक वृक्षारोपण अभियान चलाने और इसकी पूर्व तैयारी सुनिश्चित करने को कहा। बैठक में वार्षिक एक्शन प्लान की प्रगति की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने अजीम प्रेमजी स्कॉलरशिप योजना का विशेष रूप से नगरी और मगरलोड विकासखंडों में व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए, ताकि अधिकाधिक पात्र विद्यार्थियों को इसका लाभ मिल सके। उन्होंने विभागीय कार्यों में संलग्न कर्मचारियों को बिना सक्षम अनुमति धरना-प्रदर्शन या रैली में शामिल नहीं होने की हिदायत देते हुए कहा कि ऐसे किसी भी आयोजन के लिए नियमानुसार पूर्व अनुमति लेना अनिवार्य होगा।
रेत खदानों पर बनाए गए अवैध रैम्प तत्काल हटाने के निर्देश
खनिज विभाग की समीक्षा में कलेक्टर ने रेत खदानों पर बनाए गए अवैध रैम्प तत्काल हटाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि वर्तमान में जिले में खनन गतिविधियों पर प्रतिबंध लागू है, इसलिए किसी भी प्रकार की अनियमितता स्वीकार नहीं की जाएगी। बैठक में प्रधानमंत्री शहरी आवास योजना की प्रगति, जिले में चल रहे सड़क निर्माण कार्य, मेघा पुल के निर्माण तथा जबर्रा-मुरूमसिल्ली पुल की निविदा प्रक्रिया की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने सीएम हेल्पलाइन में प्राप्त लंबित शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!