Uncategorized

प्लानिंग से बदली तस्वीर, पहली बारिश जिसमे आमापारा वार्ड में नहीं भरा पानी

धमतरी। शहर के लिए बारिश का मौसम ‘परीक्षा’ बनकर आया है। बीती रात्रि से हो रही बारिश में विमल टॉकीज रोड, नवागांव में गंगा तालाब के पास, रामपुर वार्ड में डबरी के पास, सोरिद के डिपोपारा सहित कई इलाके पानी में डूब गए और लोगों को घंटों परेशानी झेलनी पड़ी। इसी बीच एक वार्ड ने सबको चौंका दिया। वो वार्ड जिसे ‘जलभराव का पर्याय’ कहा जाता था, इस बार बारिश में पूरी तरह ‘वॉटर फ्री’ रहा। आमापारा मुख्य मार्ग हर मानसून की ‘सबसे बड़ी शिकायत’ था। थोड़ी सी बारिश होते ही यहां घुटनों तक पानी भर जाता था। दुकानों का सामान भीगता, घरों में गंदा पानी घुसता और लोग हर बार नगर निगम कोसते। लेकिन इस बार नजारा अलग है। तेज बारिश के बाद भी सड़क 15 मिनट में साफ हो गई। धीमी बारिश में तो पानी रुका ही नहीं। इस बदलाव के पीछे है 49 लाख रुपये का नाली निर्माण काम। वार्ड पार्षद व एमआईसी सदस्य *विजय मोटवानी* के लगातार प्रयासों से निगम ने यहां 3 स्तरीय प्लान पर काम किया। मुख्य मार्ग में क्षमता वाली बड़ी नाली बनाई गई। अंदरूनी गलियों में भी नई नालियां जोड़ी गईं, ताकि पानी सीधे मुख्य नाली तक पहुंचे। साथ ही बारिश का अतिरिक्त पानी सीधे मकई तालाब तक ले जाने की निकासी व्यवस्था भी बनाई गई।
पार्षद विजय मोटवानी बारिश शुरू होने के बाद से ही सुबह से वार्ड में घूम-घूम कर जायजा ले रहे हैं। उन्होंने कहा कि समस्या जड़ में थी तो समाधान भी जड़ से किया। टुकड़ों में काम करने से कुछ नहीं होता। प्लानिंग के साथ नाली, निकासी और सफाई तीनों पर काम किया। आज उसका नतीजा सबके सामने है।
स्वास्थ्य विभाग के सभापति *नीलेश लुनिया* के निर्देश पर मानसून से पहले शहर की सभी जाम नालियों की सफाई कराई गई थी। आमापारा की नालियों से भी कई ट्रैक्टरों में कचरा निकाला गया। इसी वजह से नई बनी नालियां पहले ही दिन चोक नहीं हुईं।

वार्डवासियों ने भी पार्षद विजय मोटवानी के प्रयासों की खुलकर सराहना की। दुकानदारों का कहना है कि पिछले कई सालों से हर बारिश में दुकान बंद रखनी पड़ती थी, लेकिन इस बार सुबह दुकान खोली तो फर्श सूखा मिला। महिलाओं ने कहा कि बच्चे आराम से स्कूल जा सके, पहले पानी के कारण उन्हें कंधे पर बिठाकर ले जाना पड़ता था।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!