नए फिल्टर प्लांट से कनेक्ट हुआ मुख्य राइजिंग पाइपलाइन
निगम कर्मचारियों की टीम ने देर रात मेहनत कर इंटरकनेक्शन का कार्य किया पूर्ण, रविवार सुबह से पानी निर्बाध गति से हुआ शुरू

नए फिल्टर प्लांट से मुख्य राइजिंग पाइपलाइन का इंटरकनेक्शन का कार्य शनिवार को पूर्ण हो गया। शुक्रवार की सुबह निगम की टीम ने इंटरकनेक्शन का कार्य प्रारंभ किया था। नए फिल्टर प्लांट से मुख्य पाइप को जोड़ने का कार्य किया जाना था जिसके लिए शुक्रवार को सुबह से निगम कर्मचारियों ने कार्य प्रारंभ कर दिया था शुक्रवार देर रात तक कार्य करते हुए निगम ने इंटरकनेक्शन का कार्य पूर्ण कर लिया था तथा पानी की टेस्टिंग की। टेस्टिंग के दौरान वाइब्रेशन की वजह से इंटरकनेक्शन कार्य में दिक्कतें आई जिसे शनिवार को सुधार लिया गया तथा शनिवार को देर शाम तक ओवरहेड टैंकों में पानी सप्लाई का कार्य प्रारंभ कर दिया। सभी ओवरहेड टैंक में पानी भरने के लिए लगभग 8 घंटे से अधिक का समय लगता है इस दौरान शनिवार को देर शाम को कुछ समय के लिए पानी सप्लाई चालू किया गया ताकि लोगों को दिक्कतों की सामना न करना पड़े उसके बाद रविवार सुबह से पानी सप्लाई निर्बाध गति से प्रारंभ है। गौरतलब है कि फिल्टर प्लांट में 9 एमएलडी क्षमता की नए फिल्टर प्लांट का निर्माण किया गया है जो कि पूर्ण हो चुका है तथा अंतिम चरण के कुछ ही कार्य शेष है जिसमें से इंटरकनेक्शन का कार्य अत्यंत महत्वपूर्ण था वह भी पूरा हो गया। वही फिल्टर प्लांट को सुचारू रूप से संचालन करने के लिए ट्रांसफार्मर लगाया जा रहा है इसका भी कार्य अंतिम चरण की ओर है। ट्रांसफार्मर चालू होने के पश्चात नए फिल्टर प्लांट को चालू कर दिया जाएगा। इसके साथ ही नए फिल्टर प्लांट से कनेक्टिविटी के लिए तीन नए ओवरहेड टैंक के निर्माण किए गए हैं जिसके चलते प्रभावित क्षेत्रों में पानी सप्लाई आसानी से किया जा सके। निगम के जनप्रतिनिधि और अधिकारियों ने इंटरकनेक्शन को लेकर नियमित मॉनिटरिंग की जिसके चलते समय पर इंटरकनेक्शन का कार्य पूर्ण हो पाया।
