मुमुक्षु बहन काजल नहर का 20 जुलाई को भखारा में होगा भव्य अभिनंदन, दीक्षा महोत्सव की तैयारियां तेज

भखारा। जैन धर्म की तप, त्याग और वैराग्य की महान परंपरा को आगे बढ़ाते हुए जैन भागवती दीक्षा ग्रहण करने जा रही मुमुक्षु बाल ब्रह्मचारीणी सुश्री काजल नहर (सुपुत्री विनोद नहर एवं माता राखी नहर), मूल निवासी ग्राम गातापार, का 20 जुलाई (सोमवार) को भखारा में भव्य अभिनंदन समारोह आयोजित किया जाएगा। यह कार्यक्रम सकल जैन श्री संघ भखारा-राल के तत्वावधान में कृषि उपज मंडी परिसर में आयोजित होगा।
आयोजकों ने बताया कि समारोह में बड़ी संख्या में जैन समाज सहित विभिन्न सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों के प्रतिनिधि, श्रद्धालु और धर्मप्रेमी शामिल होंगे। कार्यक्रम को भक्ति एवं आध्यात्मिक वातावरण से ओतप्रोत बनाने के लिए प्रसिद्ध भजन गायक राहुल झाबक अपनी मधुर भक्ति प्रस्तुतियों से श्रद्धालुओं को भावविभोर करेंगे।
गौरतलब है कि मुमुक्षु बहन काजल नहर की जैन भागवती दीक्षा 4 सितंबर को बीकानेर (राजस्थान) में आचार्य प्रवर 1008 श्री रामलाल जी महाराज साहब के सानिध्य एवं उपाध्याय प्रवर राजेश मुनि जी महाराज साहब के मुखारविंद से संपन्न होगी। दीक्षा के माध्यम से वे सांसारिक जीवन का त्याग कर संयम एवं साधना के पथ पर अग्रसर होंगी।
भखारा में आयोजित अभिनंदन समारोह को ऐतिहासिक एवं यादगार बनाने के लिए जैन युवा संगठन के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता पूरी निष्ठा के साथ तैयारियों में जुटे हुए हैं। आयोजन की व्यवस्था में गौतम पारख, मनीष नाहटा, ललित पारख, मनोज पारख, मयंक पारख सहित उनकी पूरी टीम सक्रिय रूप से जिम्मेदारियों का निर्वहन कर रही है।
सकल जैन श्री संघ ने समाज के सभी धर्मप्रेमियों एवं क्षेत्रवासियों से कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर मुमुक्षु बहन काजल नहर का अभिनंदन करने तथा उनके संयममय जीवन की मंगलकामनाओं के सहभागी बनने की अपील की है।