गंगरेल बांध में रोजगार मेला एवं संवाद कार्यक्रम संपन्न, पर्यटन और स्वरोजगार को बढ़ावा देने पर जोर
368 प्रतिभागियों की रही सहभागिता, 356 युवाओं का हुआ पंजीयन; इको-टूरिज्म समिति गठन की रूपरेखा पर हुई चर्चा

धमतरी, 12 जुलाई। जिले के प्रमुख पर्यटन स्थल गंगरेल बांध में रविवार को रोजगार मेला एवं संवाद कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य गंगरेल, माडमसिल्ली, दुधावा एवं सोंडूर बांध क्षेत्र को पर्यटन, इको-टूरिज्म, रोजगार और स्वरोजगार के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित करने की दिशा में जनसंवाद स्थापित करना था। कार्यक्रम में युवाओं, महिलाओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं तथा स्थानीय उद्यमियों ने बड़ी संख्या में भाग लेकर क्षेत्र के विकास के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दिखाई।
आयोजकों के अनुसार कार्यक्रम में लगभग 368 प्रतिभागी शामिल हुए, जिनमें से 356 लोगों का पंजीयन किया गया। रोजगार एवं स्वरोजगार से जुड़ी विभिन्न संभावनाओं पर विस्तार से चर्चा की गई तथा युवाओं को पर्यटन आधारित व्यवसायों से जोड़ने की रणनीति पर विचार-विमर्श हुआ।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डुबान संघर्ष समिति के अध्यक्ष कुंवर सिंह, समाजसेवी श्रीमती हेमलता शर्मा, निखिलेश दीवान, सामाजिक प्रमुख वीरसिंह सोरी, हेमंत हिरवानी, चंदन सिंह दीदी, मोहनी साहू तथा मोहन साहू ने कहा कि प्राकृतिक संसाधनों से समृद्ध इस क्षेत्र में पर्यटन की अपार संभावनाएं हैं। यदि स्थानीय युवाओं को उचित प्रशिक्षण और अवसर उपलब्ध कराए जाएं तो वे रोजगार के साथ-साथ सफल उद्यमी भी बन सकते हैं।
संवाद कार्यक्रम के दौरान गंगरेल क्षेत्र में पर्यटन गतिविधियों को संगठित रूप से संचालित करने के लिए एक पर्यटन समिति के गठन की रूपरेखा भी तैयार की गई। प्रस्तावित समिति का उद्देश्य इको-टूरिज्म को बढ़ावा देना, प्राकृतिक संसाधनों का संरक्षण करना तथा स्थानीय लोगों को रोजगार और व्यवसाय के नए अवसर उपलब्ध कराना होगा। वक्ताओं ने कहा कि पर्यटन विकास से क्षेत्र की अर्थव्यवस्था को नई गति मिलेगी और स्थानीय लोगों की आय में भी वृद्धि होगी।
क्षेत्र के युवाओं को आत्मनिर्भर बनाना उद्देश्य-खूबलाल ध्रुव
कार्यक्रम के आयोजक एवं जनसेवक खूबलाल ध्रुव ने कहा कि क्षेत्र के युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से यह पहल की गई है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि पर्यटन आधारित विकास मॉडल से स्थानीय युवाओं को स्थायी रोजगार और स्वरोजगार के अवसर प्राप्त होंगे तथा गंगरेल सहित आसपास के बांध क्षेत्र आर्थिक रूप से अधिक सशक्त बनेंगे।
कार्यक्रम का समापन क्षेत्र के समग्र विकास, पर्यटन संवर्धन और स्थानीय युवाओं को रोजगार से जोड़ने के सामूहिक संकल्प के साथ हुआ। उपस्थित लोगों ने इस प्रकार के कार्यक्रमों का नियमित आयोजन किए जाने की आवश्यकता पर भी बल दिया।

