Uncategorized

अखिल भारतीय श्री जैन श्वेतांबर मूर्तिपूजक युवक महासंघ की राष्ट्रीय पदाधिकारी बैठक दिल्ली में संपन्न

बैठक में धमतरी से विजय गोलछा और श्याम डागा हुए शामिल

नई दिल्ली। अखिल भारतीय श्री जैन श्वेतांबर मूर्तिपूजक युवक महासंघ की राष्ट्रीय पदाधिकारी बैठक संस्था के अंतर्राष्ट्रीय अध्यक्ष सुनील सिंघी की अध्यक्षता में नई दिल्ली में सफलतापूर्वक संपन्न हुई।
बैठक में देशभर से आए राष्ट्रीय एवं प्रादेशिक पदाधिकारियों का स्वागत संस्था के राष्ट्रीय अध्यक्ष हरेशभाई शाह ने किया। राष्ट्रीय महामंत्री सुनील गांग ने पूर्व बैठक में लिए गए निर्णयों एवं उनकी प्रगति की जानकारी प्रस्तुत की, जिसके पश्चात विभिन्न विषयों पर विस्तृत चर्चा सत्र प्रारंभ हुआ।
बैठक में देशभर में संचालित संस्था की विभिन्न योजनाओं एवं सेवा कार्यों की जानकारी प्रतिनिधियों द्वारा साझा की गई। साथ ही समाज एवं धर्म से जुड़े अनेक महत्वपूर्ण विषयों पर गंभीर चिंतन किया गया। विशेष रूप से साधु-साध्वी भगवंतों की सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम, जैन तीर्थों एवं प्राचीन जैन प्रतिमाओं के संरक्षण, समाज सेवा तथा संगठन विस्तार जैसे विषयों पर विस्तृत चर्चा हुई।
देश के विभिन्न राज्यों से आए पदाधिकारियों ने अपने-अपने क्षेत्रों में किए गए सेवा एवं संगठनात्मक कार्यों का विवरण प्रस्तुत किया तथा आगामी योजनाओं एवं कार्यक्रमों की रूपरेखा से सभी को अवगत कराया।
बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि संस्था का राष्ट्रीय अधिवेशन आगामी 3 एवं 4 अक्टूबर 2026 को राजस्थान स्थित पावन केशरियाजी तीर्थ में आयोजित किया जाएगा। इस अधिवेशन में देशभर की शाखाओं से बड़ी संख्या में युवा प्रतिनिधि भाग लेंगे। सभी प्रतिभागियों के आवास एवं अन्य व्यवस्थाएँ संस्था द्वारा की जाएँगी।अंत में अंतर्राष्ट्रीय अध्यक्ष सुनील सिंघी ने अपने प्रेरणादायी उद्बोधन में संगठन को और अधिक सशक्त बनाने, समाज सेवा के कार्यों को गति देने तथा तीर्थ एवं धर्म रक्षा के लिए सभी पदाधिकारियों से समर्पण भाव से कार्य करने का आह्वान किया। बैठक में विभिन्न महत्वपूर्ण प्रस्ताव भी सर्वसम्मति से पारित किए गए।
राष्ट्रीय संगठन मंत्री विकास बोहरा ने उपस्थित सभी पदाधिकारियों का आभार व्यक्त किया। बैठक में धमतरी से विजय गोलछा और श्याम डागा शामिल हुए साथ ही वरिष्ठ सदस्य गौतमजी,अचलजैन, विनोद बरबोटा सहित अनेक वरिष्ठ पदाधिकारियों ने अपने विचार व्यक्त किए तथा आगामी राष्ट्रीय अधिवेशन में अधिकाधिक सहभागिता सुनिश्चित करने का संकल्प लिया।
उल्लेखनीय है कि अखिल भारतीय श्री जैन श्वेतांबर मूर्तिपूजक युवक महासंघ की देशभर में लगभग 1200 शाखाएँ कार्यरत हैं। यह श्वेतांबर जैन समाज के सबसे बड़े युवा संगठनों में से एक है, जिसका नेटवर्क भारत सहित विदेशों तक फैला हुआ है। संस्था समाज सेवा, तीर्थ सुरक्षा, धार्मिक जागरण, युवा संगठन एवं विभिन्न सेवा प्रकल्पों के माध्यम से निरंतर समाजहित में कार्य कर रही है।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!