स्काउट-गाइड आंदोलन अनुशासन, सेवा, नेतृत्व और राष्ट्रभक्ति की भावना विकसित करने का सशक्त माध्यम है- हरख जैन
भखारा में बेसिक स्काउट मास्टर एवं गाइड कैप्टन प्रशिक्षण शिविर का शुभारंभ, विधायक प्रतिनिधि हुए शामिल

भखारा- भारत स्काउट्स एवं गाइड्स के तत्वावधान में बेसिक स्काउट मास्टर, गाइड कैप्टन, रोवर लीडर एवं रेंजर लीडर प्रशिक्षण शिविर का आयोजन 30 जुलाई तक अम्बेडकर मांगलिक भवन, भखारा में किया जा रहा है। शिविर का शुभारंभ झंडारोहण पश्चात् गरिमामय वातावरण में हुआ, जिसमें मुख्य अतिथि विधायक प्रतिनिधि हरख जैन एवं विशिष्ट अतिथि नगर पंचायत उपाध्यक्ष विष्णु साहू, मुख्य नगर पालिका अधिकारी (सीएमओ) हरिकृष्ण पावरिया, डोमेंद्र गंगबेल सहित स्काउट-गाइड संगठन के पदाधिकारी एवं प्रशिक्षक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक प्रतिनिधि हरख जैन ने कहा कि स्काउट-गाइड आंदोलन अनुशासन, सेवा, नेतृत्व और राष्ट्रभक्ति की भावना विकसित करने का सशक्त माध्यम है। ऐसे प्रशिक्षण शिविर युवाओं को जिम्मेदार नागरिक बनने की प्रेरणा देते हैं तथा समाज सेवा के लिए सदैव तत्पर रहने का संस्कार प्रदान करते हैं।
नगर पंचायत उपाध्यक्ष विष्णु साहू ने अपने उद्बोधन में कहा कि स्काउट-गाइड का मूल मंत्र सेवा और समर्पण है। प्रशिक्षण के माध्यम से प्रतिभागियों में नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास और सामाजिक उत्तरदायित्व का विकास होता है।
इस अवसर पर अतिथियों ने प्रशिक्षणार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए सफल प्रशिक्षण की शुभकामनाएँ दीं। कार्यक्रम में स्काउट-गाइड के पदाधिकारियों ने शिविर की रूपरेखा एवं प्रशिक्षण की जानकारी दी तथा सभी अतिथियों का स्वागत एवं आभार व्यक्त किया।आयोजन में छत्तीसगढ़ के लगभग डेढ़ सौ प्रतिभागी हिस्सा ले रहे हैँ।बिना किसी सुविधा के सामान्य प्रशिक्षु की भांति प्रशिक्षण ले रहे हैं।
