मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना: द्वारका–सोमनाथ यात्रा के लिए तीर्थ यात्रियों का होगा लॉटरी के माध्यम से चयन
मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना वरिष्ठ नागरिकों एवं पात्र हितग्राहियों के लिए एक महत्वपूर्ण जनकल्याणकारी पहल- महापौर रामू रोहरा

धमतरी- मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना के अंतर्गत धमतरी जिले से 5 से 11 अगस्त तक आयोजित होने वाली द्वारका, सोमनाथ एवं नागेश्वर ज्योतिर्लिंग तीर्थ यात्रा के लिए 265 तीर्थ यात्रियों (अनुरक्षित श्रेणी सहित) का चयन लॉटरी के माध्यम से किया जाएगा।
इस संबंध में कलेक्टोरेट सभाकक्ष में बैठक आयोजित की गई, जिसमें यात्रा की तैयारियों, चयन प्रक्रिया एवं आवश्यक व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में जनप्रतिनिधियों एवं संबंधित विभागीय अधिकारियों ने भाग लेकर योजना के सफल एवं पारदर्शी संचालन को लेकर अपने सुझाव दिए।
बैठक में उपस्थित महापौर जगदीश रामू रोहरा ने कहा कि मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना वरिष्ठ नागरिकों एवं पात्र हितग्राहियों के लिए एक महत्वपूर्ण जनकल्याणकारी पहल है। इस योजना के माध्यम से श्रद्धालुओं को प्रमुख धार्मिक स्थलों के दर्शन का अवसर मिलता है। उन्होंने चयन प्रक्रिया को पूरी तरह निष्पक्ष एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने तथा यात्रियों की सुरक्षा, स्वास्थ्य एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं का विशेष ध्यान रखने पर जोर दिया।बैठक में यात्रा से संबंधित सभी आवश्यक व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध रूप से सभी तैयारियां पूर्ण करने के निर्देश दिए गए, ताकि चयनित तीर्थ यात्रियों की यात्रा सुगम, सुरक्षित एवं सफलतापूर्वक संपन्न हो सके।
