नशा मुक्त युवा अभियान से गूंजा धमतरी: विकसित भारत के संकल्प के साथ युवाओं को महापौर ने दिलाई नशामुक्ति की शपथ
युवा भारत की सबसे बड़ी शक्ति हैं- रामू रोहरा

धमतरी- विकसित भारत के निर्माण में युवाओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से विकसित भारत के लिए नशा मुक्त युवा अभियान के तहत माय भारत केंद्र एवं बी.सी.एस. स्नातकोत्तर महाविद्यालय, धमतरी के संयुक्त तत्वावधान में महाविद्यालय के नवीन भवन में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि महापौर जगदीश (रामू) रोहरा रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ महापौर रामू रोहरा ने मां सरस्वती एवं स्वामी विवेकानंद जी के छायाचित्र पर माल्यार्पण, दीप प्रज्ज्वलन एवं पूजा-अर्चना कर किया। इसके पश्चात उपस्थित युवाओं को नशामुक्त भारत और विकसित भारत के निर्माण का संकल्प दिलाया गया।
इस अवसर पर महापौर रामू रोहरा ने कहा कि 15 से 29 वर्ष आयु वर्ग के युवा भारत की सबसे बड़ी शक्ति हैं। यदियुवा, नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रहकर शिक्षा, खेल, कौशल विकास एवं सकारात्मक गतिविधियों में अपनी ऊर्जा लगाएंगे, तो विकसित भारत का लक्ष्य शीघ्र प्राप्त किया जा सकेगा। उन्होंने कहा कि नशा केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य और भविष्य को ही नहीं, बल्कि परिवार एवं समाज को भी प्रभावित करता है। इसलिए प्रत्येक युवा का दायित्व है कि वह स्वयं नशे से दूर रहे और दूसरों को भी इसके दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करे।
कार्यक्रम के दौरान युवाओं की प्रतिभा को मंच प्रदान करने के लिए लोकगीत, लोकनृत्य, नुक्कड़ नाटक, माइम एक्ट, पेंटिंग, वाद-विवाद, भाषण, लघु फिल्म एवं रील्स निर्माण, नारा लेखन तथा कविता पाठ प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया।इन प्रतियोगिताओं के माध्यम से युवाओं ने नशामुक्त समाज का प्रभावशाली संदेश प्रस्तुत किया और राष्ट्र निर्माण में अपनी रचनात्मक भूमिका का परिचय दिया।महापौर ने कहा कि स्वस्थ, जागरूक और संस्कारित युवा ही विकसित भारत की मजबूत नींव हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से जीवन में अनुशासन, सकारात्मक सोच और सामाजिक जिम्मेदारियों को अपनाकर राष्ट्र के विकास में सहभागी बनने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने नशामुक्त जीवन अपनाने, स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देने तथा समाज में जन-जागरूकता फैलाने का सामूहिक संकल्प लिया।इस अवसर पर महाविद्यालय प्राचार्य आर.के पाठक,जिला युवा अधिकारी श्रुति डोंगरे ,
भाजयुमो जिला मंत्री आयुष दीवान,आकाश गोस्वामी, प्रशुम तिवारी,भूपेंद्र दास मानिकपुरी,योगेश सिन्हा एवं गोपाल साहू, छात्र-छात्राएं एवं बड़ी संख्या में युवा उपस्थित रहे। कार्यक्रम पूरे समय उत्साह, जागरूकता और राष्ट्र निर्माण के संकल्प से ओतप्रोत रहा।
