Uncategorized

संत गुरु रविदास महाराज की 650वीं जयंती पर भाजपा का राष्ट्रव्यापी समरसता संकल्प अभियान 29 जुलाई से प्रारंभ, धमतरी में भिलाई माता मंदिर में 650 दीपों से होगा शुभारंभ

संत गुरु रविदास महाराज किसी एक समाज के नहीं, बल्कि संपूर्ण मानवता के महान संत, समाज सुधारक एवं समरसता के अग्रदूत थे- रंजना साहू

धमतरी। भारतीय जनता पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व के निर्देशानुसार संत शिरोमणि गुरु रविदास महाराज की 650वीं जयंती वर्ष के उपलक्ष्य में 29 जुलाई 2026 से 20 फरवरी 2027 तक पूरे देश में समरसता संकल्प अभियान चलाया जाएगा। इसी अभियान की जानकारी देने हेतु मंगलवार को गोविंद सारंग भवन स्थित जिला भाजपा कार्यालय में जिला स्तरीय प्रेस वार्ता आयोजित की गई। प्रेस वार्ता की मुख्य वक्ता भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष एवं प्रदेश समरसता टोली सहसंयोजक रंजना साहू थीं।
रंजना साहू ने बताया कि संत गुरु रविदास महाराज किसी एक समाज के नहीं, बल्कि संपूर्ण मानवता के महान संत, समाज सुधारक एवं समरसता के अग्रदूत थे। उन्होंने समानता, आत्मसम्मान और सामाजिक न्याय का संदेश देकर समाज को नई दिशा दी। भाजपा उनके विचारों को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से राष्ट्रव्यापी अभियान संचालित कर रही है।
उन्होंने बताया कि अभियान का शुभारंभ 29 जुलाई (गुरु पूर्णिमा) को देशभर में “समरसता दीप महोत्सव” के साथ होगा। इसी क्रम में धमतरी जिले के भिलाई माता मंदिर में 650वीं जयंती वर्ष के प्रतीक स्वरूप 650 दीप प्रज्ज्वलित कर अभियान का शुभारंभ किया जाएगा। इसके साथ ही कलश वंदन अभियान, संत संपर्क अभियान, समरसता यात्रा, समरसता संवाद, भजन-कीर्तन, सांस्कृतिक कार्यक्रम तथा विभिन्न सामाजिक गतिविधियों के माध्यम से समाज के सभी वर्गों को जोड़ने का कार्य किया जाएगा। गुरु रविदास महाराज की जन्मस्थली सीर गोवर्धनपुर (वाराणसी) की पवित्र मिट्टी देशभर में पहुंचाई जाएगी तथा सामाजिक समरसता और राष्ट्रीय एकता का संदेश जन-जन तक पहुंचाया जाएगा।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास, सबका प्रयास” के मूल मंत्र पर चलते हुए संत गुरु रविदास महाराज के समता, सेवा और सामाजिक न्याय के संदेश को विकसित भारत के संकल्प से जोड़ रही है। यह अभियान केवल कार्यक्रमों की श्रृंखला नहीं, बल्कि सामाजिक समरसता और राष्ट्रीय एकता का व्यापक जनआंदोलन बनेगा।
प्रेस वार्ता में जिला महामंत्री राकेश साहू, जिला कोषाध्यक्ष चेतन हिंदुजा, जिला कार्यालय मंत्री विजय साहू, जिला मंत्री हेमंत चंद्राकर, महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष अनीता यादव, मंडल अध्यक्ष पवन गजपाल, मंडल महामंत्री राजीव चंद्राकर सहित जिला भाजपा के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।यह जानकारी भाजपा जिला मीडिया प्रभारी उमेश साहू ने दी।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!