Uncategorized

जलभराव प्रभावित सोरिद भर्रीपारा पहुंचे महापौर रामू रोहरा, घर-घर जाकर सुनी समस्याएं

त्वरित जल निकासी, पट्टा सर्वे, आवास एवं क्षतिपूर्ति के दिए निर्देश


धमतरी। लगातार तीन दिनों से हो रही बारिश के कारण सोरिद वार्ड के भार्रीपारा क्षेत्र में जलभराव की स्थिति उत्पन्न होने पर महापौर रामू रोहरा ने गुरुवार सुबह लगभग 8 बजे प्रभावित क्षेत्र का स्थल निरीक्षण किया। महापौर ने जलभराव वाले मोहल्ले का पैदल भ्रमण करते हुए घर-घर जाकर वार्डवासियों से मुलाकात की और उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना। निरीक्षण के दौरान महापौर ने नगर निगम के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को तत्काल मौके पर बुलाकर जल निकासी की व्यवस्था कराने के निर्देश दिए। निगम की टीम ने मौके पर पहुंचकर आवश्यक संसाधनों के माध्यम से पानी निकासी का कार्य प्रारंभ कराया, जिससे क्षेत्रवासियों को राहत मिल सके। महापौर रामू रोहरा ने कहा कि नागरिकों की सुरक्षा एवं सुविधा नगर निगम की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि भार्रीपारा क्षेत्र में पट्टा सर्वे का कार्य शीघ्र पूर्ण किया जाए तथा पात्र परिवारों को प्रधानमंत्री आवास योजना सहित अन्य शासकीय योजनाओं का लाभ दिलाने की प्रक्रिया तेज की जाए, ताकि जरूरतमंद परिवारों को स्थायी राहत मिल सके। निरीक्षण के दौरान महापौर को जानकारी मिली कि लगातार बारिश के कारण अजय देवांगन के मकान की दीवार गिर गई है। इस पर उन्होंने राजस्व विभाग के अधिकारियों को तत्काल स्थल निरीक्षण कर नुकसान का आकलन करने तथा शासन के नियमानुसार क्षतिपूर्ति राशि शीघ्र स्वीकृत कराने के निर्देश दिए। इस अवसर पर दीपक गजेंद्र, राजेश्वर सिन्हा, रितेश नेताम, इंद्रेश देवांगन, गुरेंद्र सिन्हा, महरु विश्वकर्मा, गजानंद साहू, प्रेम नेताम, ईश्वर, जोहन ढीमर, मधु ध्रुव, सतरूपा, दयावती, राजेश कश्यप सहित बड़ी संख्या में वार्डवासी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!