तंबाकू एवं धूम्रपान उत्पादों के विरुद्ध सख्त अभियान:एसपी के निर्देशन में कोटपा एक्ट के तहत 100 प्रकरण दर्ज कर 20,000 रूपये की चालानी कार्यवाही
नशे के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति- सभी थाना प्रभारियों द्वारा अपने-अपने थाना क्षेत्रों में नियमों का उल्लंघन करने वालों पर की गई कार्यवाही

धमतरी पुलिस द्वारा तंबाकू एवं धूम्रपान के विरुद्ध लगातार कार्यवाही
पुलिस अधीक्षक धमतरी, श्रीमती भावना पांडेय के निर्देशन में धमतरी पुलिस द्वारा जिले में नशे के दुष्प्रभावों को रोकने तथा आमजन, विशेषकर युवाओं एवं बच्चों को तंबाकू एवं अन्य नशीले पदार्थों के सेवन से दूर रखने के उद्देश्य से लगातार जागरूकता अभियान एवं वैधानिक कार्यवाही की जा रही है।
इसी क्रम में धमतरी जिले के सभी अनुभागों के थाना प्रभारियों को अपने-अपने थाना क्षेत्रों में कोटपा एक्ट के प्रावधानों का प्रभावी पालन सुनिश्चित करने तथा उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कार्यवाही करने के निर्देश दिए गए हैं।
अधिकारियों के मार्गदर्शन में जिले के सभी थाना क्षेत्रों में पुलिस टीमों द्वारा अभियान चलाकर सार्वजनिक स्थानों पर धूम्रपान करने,तंबाकू एवं अन्य तंबाकू उत्पादों के संबंध में निर्धारित नियमों का उल्लंघन करने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध कोटपा एक्ट के तहत वैधानिक कार्यवाही की गई।अभियान के दौरान जिलेभर में कुल 100 से अधिक प्रकरणों में कार्यवाही करते हुए 20,000 रूपये की चालानी कार्यवाही की गई।
युवाओं को नशे से दूर रखना पुलिस की प्राथमिकता धमतरी पुलिस का मानना है कि तंबाकू एवं धूम्रपान जैसे पदार्थों का सेवन न केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य के लिए हानिकारक है, बल्कि इसका दुष्प्रभाव परिवार एवं समाज पर भी पड़ता है। विशेष रूप से कम उम्र के बच्चों एवं युवाओं में तंबाकू सेवन की बढ़ती प्रवृत्ति को रोकने के लिए कानून के प्रभावी पालन के साथ-साथ जनजागरूकता भी अत्यंत आवश्यक है।
इसी उद्देश्य से धमतरी पुलिस द्वारा विद्यालयों, महाविद्यालयों एवं सार्वजनिक स्थानों पर समय-समय पर नशामुक्ति, तंबाकू सेवन से होने वाले दुष्प्रभाव, साइबर अपराध, यातायात नियम एवं कानून के प्रति जागरूकता संबंधी कार्यक्रम भी आयोजित किए जा रहे हैं।
नियमों का उल्लंघन करने वालों पर जारी रहेगी कार्यवाही
पुलिस अधीक्षक धमतरी, श्रीमती भावना पांडेय ने स्पष्ट किया है कि जिले में नशे के अवैध कारोबार एवं नशे के बढ़ते प्रभाव को रोकने के लिए जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत प्रभावी कार्यवाही लगातार जारी रहेगी। कोटपा एक्ट के प्रावधानों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कार्यवाही करने के साथ-साथ आम नागरिकों को भी कानून के प्रति जागरूक किया जाएगा।
धमतरी पुलिस ने आमजन से अपील की है कि सार्वजनिक स्थानों पर धूम्रपान न करें, बच्चों एवं युवाओं को तंबाकू उत्पादों से दूर रखें तथा नशामुक्त एवं स्वस्थ समाज के निर्माण में पुलिस का सहयोग करें।
धमतरी पुलिस द्वारा कानून का पालन कराने के साथ-साथ जनसहयोग से स्वस्थ, सुरक्षित एवं नशामुक्त समाज के निर्माण की दिशा में निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।
