Uncategorized

गुजरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का जिला पंचायत सभापति श्रीमती मोनिका देवांगन ने किया औचक निरीक्षण

स्वास्थ्य सुविधाओं, दवाइयों, चिकित्सा उपकरणों, एंबुलेंस सेवा एवं स्वच्छता व्यवस्था का लिया जायजा


धमतरी। जिला पंचायत धमतरी की सभापति एवं महिला एवं बाल विकास, स्वास्थ्य एवं स्वच्छता विभाग की सभापति श्रीमती मोनिका ऋषभ देवांगन ने गुजरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का औचक निरीक्षण कर अस्पताल में उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं एवं व्यवस्थाओं का विस्तृत जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा व्यवस्थाओं में आवश्यक सुधार के लिए संबंधित अधिकारियों को दिशा-निर्देश दिए। सभापति श्रीमती देवांगन ने मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. यू.एल. कौशिक, जिला कार्यक्रम अधिकारी डॉ. प्रिया कंवर, ब्लाक कार्यक्रम अधिकारी श्वेता परमार ग्राम सरपंच श्रीमती दुर्गेश्वरी साहू एवं जनपद पंचायत प्रतिनिधि राजेश साहू के साथ अस्पताल के विभिन्न विभागों एवं व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने अस्पताल में उपचार के लिए पहुंचे मरीजों एवं उनके परिजनों से आत्मीय संवाद कर उन्हें मिल रही स्वास्थ्य सेवाओं, उपचार, जांच एवं अन्य सुविधाओं के संबंध में जानकारी ली।
दवाइयों एवं चिकित्सा उपकरणों की उपलब्धता की जांच
निरीक्षण के दौरान सभापति ने अस्पताल में दवाइयों की उपलब्धता एवं मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही आवश्यक औषधियों की जानकारी ली। उन्होंने यह भी जांच किया कि मरीजों के लिए आवश्यक दवाइयां पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध हैं अथवा नहीं तथा किसी आवश्यक दवा की कमी तो नहीं है। इसके साथ ही स्वास्थ्य सेवाओं में उपयोग किए जा रहे बीपी मशीन, एक्स-रे मशीन सहित अन्य आवश्यक चिकित्सा उपकरणों की उपलब्धता एवं कार्यशीलता के संबंध में भी जानकारी ली गई। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में एक्स-रे सुविधा को प्रभावी रूप से उपलब्ध कराने के लिए रेडियोलॉजिस्ट की नियुक्ति को लेकर सभापति श्रीमती देवांगन ने चिंता जाहिर की। आपातकालीन परिस्थितियों में मरीजों को समय पर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से सभापति ने 112 नंबर पर डायल कर एंबुलेंस सेवा की उपलब्धता की भी जांच की।
मरीजों से संवाद कर भोजन की गुणवत्ता की ली जानकारी
निरीक्षण के दौरान सभापति ने अस्पताल में भर्ती मरीजों एवं उनके परिजनों से संवाद कर उन्हें उपलब्ध कराए जा रहे भोजन की गुणवत्ता, नियमितता एवं स्वच्छता के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने अस्पताल प्रबंधन को मरीजों को पौष्टिक एवं गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराने तथा भोजन की स्वच्छता का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान ब्लॉक चिकित्सा अधिकारी डॉ. खान की अनुपस्थिति पर सभापति श्रीमती देवांगन ने नाराजगी जाहिर की। अस्पताल परिसर में जलभराव की स्थिति का भी निरीक्षण किया गया।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!