Uncategorized

तुलसीदास जयंती पर मानस परिवार ने आयोजित की भव्य भजन संध्या, सभापति कौशिल्या देवांगन हुईं शामिल

कहा,रामचरितमानस आज भी समाज को सत्य, धर्म, प्रेम, त्याग, करुणा और आदर्श जीवन जीने की प्रेरणा देती है

धमतरी- महान संत, कवि एवं रामचरितमानस के रचयिता गोस्वामी तुलसीदास जी की जयंती के पावन अवसर पर जोधापुर वार्ड स्थित श्री मानस शिशु मंदिर में मानस परिवार द्वारा श्रद्धा एवं उत्साह के साथ भव्य भजन संध्या एवं धार्मिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में नगर पालिक निगम धमतरी की सभापति श्रीमती कौशिल्या देवांगन अतिथि के रूप में शामिल हुईं।
कार्यक्रम की शुरुआत गोस्वामी तुलसीदास जी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि एवं नमन के साथ हुई।
इस अवसर पर सभापति कौशिल्या देवांगन ने कहा कि गोस्वामी तुलसीदास जी ने अपनी अमर रचनाओं के माध्यम से भारतीय संस्कृति, सनातन परंपरा, भक्ति, मर्यादा, सदाचार और मानवीय मूल्यों को जन-जन तक पहुंचाने का महान कार्य किया। उनकी कालजयी कृति रामचरितमानस आज भी समाज को सत्य, धर्म, प्रेम, त्याग, करुणा और आदर्श जीवन जीने की प्रेरणा देती है।
उन्होंने कहा कि तुलसीदास जी का साहित्य केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक नहीं, बल्कि समाज को संस्कार, सद्भाव और नैतिकता की राह दिखाने वाला अमूल्य मार्गदर्शक है। उन्होंने विद्यार्थियों से तुलसीदास जी के जीवन एवं साहित्य से प्रेरणा लेकर संस्कारवान बनने तथा अपने जीवन में अच्छे विचारों और नैतिक मूल्यों को अपनाने का आह्वान किया।
भजन संध्या के दौरान श्रद्धालुओं एवं विद्यार्थियों ने भक्तिमय प्रस्तुतियों के माध्यम से वातावरण को राममय बना दिया। पूरे आयोजन में धार्मिक एवं सांस्कृतिक उत्साह देखने को मिला। कार्यक्रम में कथा वाचक पं. अनिल तिवारी, लखमशी भाई भानुशाली अध्यक्ष श्री मानस समिति, रिता बंजारे विद्यालय परिवार, शिक्षक-शिक्षिकाएं, विद्यार्थी, मानस परिवार के सदस्य एवं बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!