Uncategorized

राजिम की झूलेलाल मंडली की शानदार प्रस्तुति, लंगर प्रसादी में उमड़ा सर्व समाज

कोष्टापारा स्थित झूलेलाल मंदिर में सिंधी समाज द्वारा झूलेलाल साईं का श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया जा रहा है चालीसा महोत्सव

धमतरी। कोष्टापारा स्थित झूलेलाल मंदिर में सिंधी समाज के इष्टदेव भगवान झूलेलाल साईं का चालीसा महोत्सव श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया जा रहा है। महोत्सव के दौरान प्रतिदिन सुबह-शाम भजन-कीर्तन, पल्लव एवं अरदास कर देश-प्रदेश सहित धमतरी जिले में सुख-शांति और समृद्धि की कामना की जा रही है।
इसी क्रम में मंगलवार को झूलेलाल भवन में विशेष भक्तिमय कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में राजिम से पहुंची झूलेलाल मंडली ने भजनों की शानदार प्रस्तुति देकर श्रद्धालुओं को भक्तिरस में सराबोर कर दिया। शाम करीब 5 बजे राजिम की मंडली के सेवकों का कोष्टापारा पहुंचने पर अतिथि देवो भव की परंपरा के अनुसार स्वागत किया गया। इसके बाद सभी ने झूलेलाल मंदिर पहुंचकर साईं झूलेलाल के दर्शन किए।
शाम 7 बजे झूलेलाल भवन में आरती, पल्लव एवं अरदास के साथ कार्यक्रम की शुरुआत हुई। राजिम की झूलेलाल मंडली ने एक से बढ़कर एक भजनों की प्रस्तुति दी। मंडली के भजनों पर श्रद्धालु झूमते और भक्ति में लीन नजर आए। करीब चार घंटे तक चले इस भक्तिमय आयोजन के बाद पल्लव एवं अरदास के साथ कार्यक्रम का समापन किया गया।
कार्यक्रम के बाद समाज सहित सर्व समाज के लोगों के लिए झूलेलाल भवन में लंगर प्रसादी का आयोजन किया गया। स्वर्गीय प्रकाश सुखवानी के परिवार की ओर से आयोजित लंगर में विभिन्न वर्गों के लोगों ने कतारबद्ध होकर प्रसादी ग्रहण की।
सिंधी समाज द्वारा प्रतिवर्ष कोष्टापारा स्थित झूलेलाल मंदिर में चालीसा महोत्सव आयोजित किया जाता है। इस दौरान समाज के श्रद्धालु अपने इष्टदेव भगवान झूलेलाल, जिन्हें जल एवं ज्योति का प्रतीक माना जाता है, की आराधना करते हुए उपवास एवं विशेष पूजा-पाठ में लीन रहते हैं।
मंगलवार को आयोजित कार्यक्रम में पूज्य सिंधी पंचायत, झूलेलाल मंडल परिवार, झूलेलाल महिला मंडल सहित समाज की विभिन्न इकाइयों के सदस्य उपस्थित रहे। आयोजन में मंडल परिवार के सदस्यों ने व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी संभालते हुए कार्यक्रम को सफल बनाने कार्यक्रम प्रभारी श्री वाधू मूलवानी का भी योगदान रहा.

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!