निलेश लुनिया को एमआईसी से हटाए जाने पर जैन समाज में आक्रोश, भाजपा जिलाध्यक्ष को सौंपा गया ज्ञापन, तीन दिन में समाधान की मांग

धमतरी. नगर निगम की एमआईसी से जैन समाज के प्रतिनिधि एवं सदर उत्तर वार्ड के पार्षद निलेश लुनिया को स्वास्थ्य विभाग के सभापति पद से हटाए जाने के बाद मामला तूल पकड़ता जा रहा है। बिना किसी पूर्व सूचना, नोटिस अथवा स्पष्ट कारण बताए अचानक पद से हटाए जाने की कार्रवाई को लेकर जैन समाज में नाराजगी देखी जा रही है। इसी मामले को लेकर समाजजनों ने बैठक कर आगे की रणनीति तय की और आज एक प्रतिनिधिमंडल भाजपा कार्यालय पहुंचकर भाजपा जिला अध्यक्ष प्रकाश बैस को ज्ञापन सौंपा। समाज की बैठक में पदाधिकारियों एवं समाजजनों ने निलेश लुनिया को एमआईसी से हटाए जाने की कार्रवाई पर विस्तार से चर्चा की। बैठक में कहा गया कि निलेश लुनिया सदर उत्तर वार्ड से निर्वाचित पार्षद हैं तथा उनके अनुभव और कार्यक्षमता को देखते हुए उन्हें नगर निगम के स्वास्थ्य एवं चिकित्सा विभाग का सभापति बनाया गया था। समाजजनों का कहना है कि 19 अगस्त 2026 को प्रशासनिक आदेश के माध्यम से उन्हें अचानक पद से हटा दिया गया, जबकि इस संबंध में न तो उनसे कोई स्पष्टीकरण मांगा गया और न ही किसी प्रकार की पूर्व सूचना दी गई।
भाजपा कार्यालय पहुंचकर सौंपा ज्ञापन
बैठक में लिए गए निर्णय के अनुसार आज सकल जैन श्रीसंघ का प्रतिनिधिमंडल भाजपा कार्यालय पहुंचा। यहां भाजपा जिला अध्यक्ष प्रकाश बैस को ज्ञापन सौंपकर पूरे मामले से अवगत कराया गया। प्रतिनिधिमंडल ने मांग की कि पार्टी संगठन के स्तर पर मामले की जानकारी लेकर उचित समाधान निकाला जाए और निलेश लुनिया को स्वास्थ्य विभाग के सभापति पद पर पुन: सम्मानपूर्वक बहाल किया जाए।
समाज ने कहा—सम्मानपूर्वक बहाली की जाए
सकल जैन श्रीसंघ के पदाधिकारियों का कहना है कि समाज किसी विवाद को बढ़ाना नहीं चाहता, बल्कि संगठन स्तर पर बातचीत के माध्यम से समाधान चाहता है। समाज की मुख्य मांग यही है कि निलेश लुनिया को हटाए जाने के निर्णय पर पुनर्विचार किया जाए और उन्हें स्वास्थ्य विभाग के सभापति पद पर सम्मानपूर्वक पुन: बहाल किया जाए। समाज की बैठक और ज्ञापन के बाद अब निगाहें भाजपा संगठन के अगले कदम पर टिकी हैं। तीन दिन की समय-सीमा के बाद यदि कोई ठोस निर्णय नहीं आता है तो जैन समाज की अगली बैठक में आगे की रणनीति पर फैसला लिया जाएगा। इस दौरान सकल जैन श्रीसंघ के अध्यक्ष आकाश गोलछा, श्रीमती सरला जैन, रानू डागा, नीरज नाहर,विनय जैन,हीरु जैन उपस्थित रहे.
