दीपक बैज के निर्देश पर कुरुद धान संग्रहण केंद्र पहुंचे कांग्रेसी,तारिणी चंद्राकर बोलीं,प्रशासनिक लापरवाही से खराब हो रहा लाखों क्विंटल धान
कांग्रेस नेताओं के दल ने कुरुद विकासखंड के भाठागांव स्थित धान संग्रहण केंद्र का किया औचक भौतिक निरीक्षण

छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष दीपक बैज के निर्देशानुसार जिला कांग्रेस कमेटी धमतरी की अध्यक्ष तारिणी चंद्राकर के नेतृत्व में कांग्रेस नेताओं के एक दल ने कुरुद विकासखंड के भाठागांव स्थित धान संग्रहण केंद्र का औचक भौतिक निरीक्षण किया। इस निरीक्षण का मुख्य उद्देश्य जिले में धान उपार्जन, संग्रहण व्यवस्था की वास्तविक स्थिति का जायजा लेना, किसानों के हितों की रक्षा और धान के सुरक्षित भंडारण की व्यवस्थाओं की निगरानी करना था। निरीक्षण के दौरान केंद्र में अव्यवस्थाओं और बुनियादी सुविधाओं की भारी कमी का खुलासा हुआ है, जिससे लाखों क्विंटल धान के खराब होने का गंभीर खतरा मंडरा रहा है। कांग्रेस अध्यक्ष तारिणी चंद्राकर ने निरीक्षण के बाद मीडिया को बताया कि भाठागांव संग्रहण केंद्र एक अत्यंत महत्वपूर्ण केंद्र है। यहां न केवल धमतरी जिला, बल्कि बस्तर संभाग और अन्य क्षेत्रों जैसे कोंडागांव, कांकेर, नारायणपुर, दुर्गूकोंदल तथा मानपुर-मोहला से भी उपार्जित धान को लाकर संग्रहित किया जाता है। इतने बड़े पैमाने पर अंतर-जिला धान का संग्रहण होने के बावजूद इस केंद्र में बुनियादी सुविधाओं की भारी अनदेखी की गई है। निरीक्षण के दौरान संग्रहण केंद्र में धान की कट्टो को सुरक्षित ऊंचे स्थानों पर रखने के लिए कंक्रीट के चबूतरे नहीं हैं। धान को सीधे जमीन पर या कामचलाऊ व्यवस्था में रखा गया है। इसके कारण नमी और नीचे से पानी रिसने की वजह से कीमती धान खराब हो रही है। केंद्र में सरकारी गोदामों की पर्याप्त व्यवस्था नहीं है, गोदाम न होने के कारण धान की सुरक्षा के लिए जरूरी बारदाने (जूट की बोरियां), तिरपाल और किसानों के लिए आने वाली खाद को रखने के लिए निजी और किराए के गोदामों का सहारा लेना पड़ रहा है। इससे न केवल सरकारी धन की बर्बादी हो रही है, बल्कि रख-रखाव में भी भारी असुविधा आ रही है। जिला अध्यक्ष तारिणी चंद्राकर ने राज्य सरकार और स्थानीय प्रशासन को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि अन्नदाता के पसीने की कमाई को इस तरह खुले आसमान के नीचे और बिना चबूतरे के सड़ने के लिए छोड़ देना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। बारदाने और तिरपाल जैसी आवश्यक सामग्रियों को किराए के गोदामों में रखना प्रशासनिक दूरदर्शिता की कमी और कुप्रबंधन को दर्शाता है।कांग्रेस पार्टी ने मांग की है कि भाठागांव संग्रहण केंद्र में तुरंत पक्के चबूतरों का निर्माण कराया जाए, पर्याप्त सरकारी गोदामों की व्यवस्था हो और धान को सुरक्षित रखने के लिए पुख्ता इंतजाम किए जाएं। दौरान जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष तारिणी चंद्राकर, जिला पंचायत सदस्य नीलम चंद्राकर, जिला उपाध्यक्ष जानसिंह यादव, जिला महामंत्री रमेशर साहू, ब्लॉक अध्यक्ष महिम शुक्ला, ब्लॉक महामंत्री चंद्र प्रकाश देवांगन, ब्लॉक उपाध्यक्ष पंकज जोशी सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।