Uncategorized

हम सभी का उद्देश्य एक ही होना चाहिए,धमतरी का सर्वांगीण विकास: रामू रोहरा

उज्जैन में बाबा महाकाल के दर्शन कर लौटे महापौर,नगर निगम में भाजपा पार्षदों एवं एल्डरमैन ने की मुलाकात

धमतरी। महापौर रामू रोहरा ने कहा कि शहर के विकास के लिए सभी को मिलजुलकर कार्य करना होगा। केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र परिवार तक पहुंचे, इसके लिए भाजपा के पार्षद और एल्डरमैन अपने-अपने क्षेत्रों में सक्रिय भूमिका निभाएं। सरकार की योजनाओं को घर-घर तक पहुंचाकर जरूरतमंद लोगों को उनका लाभ दिलाना हमारी प्राथमिकता होनी चाहिए।
उज्जैन में बाबा महाकाल के दर्शन कर लौटे महापौर रामू रोहरा से शनिवार की शाम नगर निगम में भाजपा पार्षदों एवं एल्डरमैन ने मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने महापौर का स्वागत करते हुए शहर के विकास कार्यों सहित विभिन्न वार्डों की समस्याओं और आगामी कार्ययोजनाओं पर चर्चा की।
महापौर ने कहा कि नगर निगम क्षेत्र के सभी 40 वार्डों में विकास कार्यों को प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ाया जा रहा है। सड़क, नाली, पेयजल, स्वच्छता, प्रकाश व्यवस्था सहित मूलभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि विकास केवल निगम तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना भी जनप्रतिनिधियों की जिम्मेदारी है।
उन्होंने पार्षदों और एल्डरमैन से कहा कि वे अपने-अपने वार्डों में जनता के बीच नियमित रूप से जाएं, उनकी समस्याएं सुनें और संबंधित विभाग से समन्वय कर उनका निराकरण कराएं।
महापौर ने कहा कि हम सभी का उद्देश्य एक ही होना चाहिए धमतरी का सर्वांगीण विकास और शहरवासियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!