आईजी रायपुर रेंज अमरेश कुमार मिश्रा ने धमतरी में ली अपराधो की समीक्षा बैठक: पुलिस अधिकारियों के लिए लीडरशिप एवं कार्यक्षमता विकास प्रशिक्षण आयोजित
एक वर्ष से अधिक लंबित अपराधों के त्वरित निराकरण, एनडीपीएस प्रकरणों में प्रभावी विवेचना एवं न्यायालयीन मामलों की नियमित समीक्षा के दिए निर्देश

आगामी त्यौहारों को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराने सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था को लेकर दिए आवश्यक दिशा-निर्देश
पुलिस महानिरीक्षक रायपुर रेंज अमरेश कुमार मिश्रा (आईपीएस ) द्वारा आज धमतरी जिले में पुलिसिंग व्यवस्था, कानून-व्यवस्था एवं अपराध नियंत्रण की स्थिति को लेकर जिले के पुलिस अधिकारियों की विस्तृत अपराध समीक्षा बैठक ली गई। बैठक में पुलिस अधीक्षक धमतरी श्रीमती भावना पांडेय सहित जिले के समस्त राजपत्रित पुलिस अधिकारी, पुलिस शाखा प्रभारी एवं थाना/चौकी प्रभारी उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान जिले में घटित अपराधों, लंबित अपराध एवं शिकायतों, गंभीर एवं संवेदनशील प्रकरणों, अपराध नियंत्रण तथा पुलिस द्वारा की जा रही प्रतिबंधात्मक कार्यवाहियों की विस्तृत समीक्षा की गई। पुलिस महानिरीक्षक महोदय द्वारा विभिन्न प्रकरणों की प्रगति की जानकारी लेते हुए एक वर्ष से अधिक समय से लंबित अपराधों का प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
विशेष रूप से एनडीपीएस एक्ट के प्रकरणों में विवेचना एवं वैधानिक कार्रवाई में तेजी लाने, नशीले पदार्थों की तस्करी एवं वितरण से जुड़े नेटवर्क पर प्रभावी कार्रवाई करने तथा ऐसे मामलों की नियमित मॉनिटरिंग के निर्देश दिए गए। गंभीर अपराधों में त्वरित एवं निष्पक्ष विवेचना, आरोपियों के विरुद्ध प्रभावी वैधानिक कार्रवाई तथा फरार आरोपियों की गिरफ्तारी पर भी विशेष जोर दिया गया।
बैठक के दौरान राजपत्रित अधिकारियों के कार्य मूल्यांकन की भी समीक्षा की गई। पुलिस महानिरीक्षक महोदय ने राजपत्रित अधिकारियों को उनके पर्यवेक्षणाधीन प्रकरणों, विशेषकर न्यायालय में विचाराधीन महत्वपूर्ण प्रकरणों की दैनिक समीक्षा करने तथा अभियोजन की स्थिति, गवाहों की उपस्थिति एवं न्यायालयीन कार्यवाही पर नियमित निगरानी रखने के निर्देश दिए।
बैठक के साथ ही जिले के समस्त पुलिस शाखा प्रभारियों एवं थाना प्रभारियों के लिए विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। प्रशिक्षण में पुलिस अधिकारियों को प्रभावी लीडरशिप, टीम मैनेजमेंट, निर्णय क्षमता तथा अपनी व्यक्तिगत एवं संस्थागत कार्यक्षमता का अधिकतम उपयोग करने के व्यावहारिक तरीके बताए गए। अधिकारियों को अपनी टीम की क्षमता पहचानने, स्पष्ट लक्ष्य निर्धारित करने, बेहतर समन्वय विकसित करने तथा उपलब्ध संसाधनों का सर्वोत्तम उपयोग करते हुए बेहतर परिणाम प्राप्त करने के संबंध में मार्गदर्शन दिया गया।
पुलिस महानिरीक्षक ने कहा कि प्रभावी पुलिसिंग केवल अपराधों पर कार्रवाई तक सीमित नहीं है, बल्कि इसके लिए सक्षम नेतृत्व, सतत पर्यवेक्षण, उत्तरदायित्व एवं प्रत्येक अधिकारी-कर्मचारी की अधिकतम क्षमता का उपयोग भी आवश्यक है।
बैठक में अवैध शराब, जुआ-सट्टा, नशीले पदार्थों के कारोबार एवं अन्य अवैधानिक गतिविधियों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई जारी रखने तथा असामाजिक तत्वों पर कड़ी नजर रखते हुए आवश्यक प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
आगामी त्यौहारों को देखते हुए जिले में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने, संवेदनशील एवं भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, सतत पेट्रोलिंग तथा यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के संबंध में भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
पुलिस महानिरीक्षक द्वारा पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आमजन के साथ शालीन एवं संवेदनशील व्यवहार रखते हुए उनकी शिकायतों का प्राथमिकता से निराकरण करने तथा पुलिस की कार्यप्रणाली में पारदर्शिता एवं जवाबदेही सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।
साथ ही आधुनिक पुलिसिंग एवं तकनीकी संसाधनों के प्रभावी उपयोग, साइबर अपराधों की रोकथाम, साइबर जागरूकता अभियान को और प्रभावी बनाने तथा आम नागरिकों को साइबर अपराधों से बचाव के प्रति लगातार जागरूक करने के निर्देश भी दिए गए।पुलिस महानिरीक्षक रायपुर रेंज द्वारा जिले में बेहतर कानून-व्यवस्था एवं अपराध नियंत्रण के लिए किए जा रहे प्रयासों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को प्रभावी नेतृत्व, गुणवत्तापूर्ण विवेचना, नियमित पर्यवेक्षण, त्वरित कार्रवाई एवं जनविश्वास को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए गए।धमतरी पुलिस द्वारा वरिष्ठ अधिकारियों से प्राप्त दिशा-निर्देशों के अनुरूप जिले में कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण एवं आमजन की सुरक्षा के लिए लगातार प्रभावी कार्रवाई जारी रखने की प्रतिबद्धता व्यक्त की गई।
