Uncategorized

स्वर्गीय उदय भास्कर पराड़कर स्मृति शास्त्रीय गायन प्रतियोगिता संपन्न

नवोदित गायिका गार्गी काले ने हासिल किया प्रथम स्थान


धमतरी। स्वर्गीय उदय भास्कर पराड़कर की स्मृति में शास्त्रीय गायन प्रतियोगिता का आयोजन 20 सितंबर को राधाकृष्ण भवन, महालक्ष्मी ग्रीन, विवेकानंद नगर, धमतरी में किया गया। कार्यक्रम का आयोजन महाराष्ट्र मंडल, धमतरी एवं श्रीकृष्ण संगीत महाविद्यालय, धमतरी के संयुक्त तत्वावधान में किया गया। कार्यक्रम के प्रायोजक बी.पी. पराड़कर एवं उनका परिवार रहा।
लगभग दो घंटे चली प्रतियोगिता में विभिन्न प्रतिभागियों ने शास्त्रीय गायन में अपनी साधना, तैयारी और प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रतिभागियों ने पूरे मनोयोग के साथ प्रस्तुतियां दीं। प्रतियोगिता में कुमारी गार्गी काले ने प्रथम, चैतन्य जोगलेकर ने द्वितीय तथा निखिल सोनी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली गार्गी काले को 5 हजार रुपये, द्वितीय स्थान प्राप्त चैतन्य जोगलेकर को 3 हजार रुपये तथा तृतीय स्थान प्राप्त निखिल सोनी को 2 हजार रुपये का पुरस्कार प्रदान किया गया।
प्रतियोगिता के निर्णायक मंडल में रायपुर से दीपक बेडेकर एवं पंडित कमल मुखर्जी तथा धमतरी से मदन मोहन दास शामिल रहे। निर्णायकों ने प्रतिभागियों की प्रस्तुतियों का मूल्यांकन शास्त्रीयता, स्वर, लय, ताल, रागदारी, प्रस्तुति एवं समग्र संगीतात्मकता के आधार पर किया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पंडित राजेश शर्मा तथा विशेष अतिथि महेंद्र पंडित उपस्थित रहे। महाराष्ट्र मंडल, धमतरी की अध्यक्ष स्वाति बल्लाल भी कार्यक्रम में मौजूद रहीं और उनके द्वारा विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कार प्रदान किए गए।
कार्यक्रम का संचालन मनुराज पचौरी ने किया। प्रतियोगिता के आयोजन का उद्देश्य शास्त्रीय संगीत के प्रति नई पीढ़ी में रुचि बढ़ाने तथा नवोदित प्रतिभाओं को मंच प्रदान करना रहा।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!