सेवा संकल्प अभियान: भखारा में अटल आरोग्य लैब का शुभारंभ
97 प्रकार की जांचें निःशुल्क उपलब्ध, ग्रामीण क्षेत्र के नागरिकों को मिलेगी बेहतर स्वास्थ्य सुविधा

धमतरी- सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत आज मुख्य अतिथि विधायक अजय चंद्राकर ने भखारा विकासखंड स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में अटल आरोग्य लैब का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता श्रीमती ज्योति हरख जैन ने की। इस अवसर पर क्षेत्र के जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक तथा स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
अटल आरोग्य लैब के प्रारंभ होने से भखारा एवं आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के नागरिकों को स्वास्थ्य जांच की सुविधाएं अब स्थानीय स्तर पर उपलब्ध होंगी। लैब में 97 प्रकार की जांचें निःशुल्क किए जाने से आर्थिक रूप से कमजोर एवं दूरस्थ क्षेत्रों के लोगों को विशेष लाभ मिलेगा। इससे समय और संसाधनों की बचत के साथ-साथ समय पर जांच एवं उपचार की सुविधा भी सुलभ होगी।
स्वास्थ्य सुविधाओं का लगातार हो रहा विस्तार – विधायक अजय चंद्राकर
मुख्य अतिथि अजय चंद्राकर ने कहा कि स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार जनकल्याण की दिशा में महत्वपूर्ण कार्य है। अटल आरोग्य लैब के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्र के नागरिकों को स्थानीय स्तर पर बड़ी संख्या में जांच सुविधाएं उपलब्ध होंगी। उन्होंने कहा कि शासन की प्राथमिकता है कि प्रत्येक नागरिक को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं समय पर और सहज रूप से मिलें।
उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य के क्षेत्र में केवल उपचार की सुविधा ही नहीं, बल्कि समय पर जांच, रोग की पहचान और आवश्यक उपचार भी उतना ही महत्वपूर्ण है। अटल आरोग्य लैब जैसी सुविधाओं से लोगों को जांच के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा और स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच और अधिक मजबूत होगी। उन्होंने सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से जनकल्याण से जुड़ी योजनाओं एवं सुविधाओं को लोगों तक पहुंचाने की दिशा में किए जा रहे प्रयासों की सराहना की।
ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच होगी मजबूत
अटल आरोग्य लैब का शुभारंभ जिले में स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। ग्रामीण क्षेत्र में जांच सुविधाएं उपलब्ध होने से मरीजों को जिला मुख्यालय या अन्य बड़े स्वास्थ्य केंद्रों तक जाने की आवश्यकता कम होगी। जांच की सुविधा स्थानीय स्तर पर मिलने से बीमारियों की पहचान समय पर होने और उपचार प्रक्रिया को गति मिलने की संभावना भी बढ़ेगी।
सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत स्वास्थ्य सहित विभिन्न जनकल्याणकारी सेवाओं को आम नागरिकों तक पहुंचाने के लिए जिले में लगातार गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। अटल आरोग्य लैब का शुभारंभ इसी जनसेवा की भावना को साकार करते हुए सुलभ, गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध स्वास्थ्य सेवाओं की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।