Uncategorized

हादसे में घायलों से मिले विधायक ओंकार साहू, जिला अस्पताल पहुंचकर जाना हाल

मरकाटोला घाटी के पास हुए भीषण सड़क हादसे की जानकारी मिलते ही धमतरी विधायक ओंकार साहू जिला अस्पताल पहुंचे और दुर्घटना में घायल लोगों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना। उन्होंने चिकित्सकों से घायलों के स्वास्थ्य और उपचार की जानकारी ली तथा बेहतर से बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
बताया गया कि शुक्रवार को पुरूर थाना क्षेत्र के मरकाटोला घाटी के पास जगदलपुर में धुमाल बजाने जा रहे लोगों से भरे खड़े वाहन को पीछे से आ रहे एक ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि चार लोगों की मौत हो गई, जबकि कई लोग घायल हो गए।
दुर्घटना के बाद घायलों को तत्काल धमतरी जिला अस्पताल लाया गया, जहां करीब छह घायलों का उपचार जारी है। इनमें दो घायलों की हालत गंभीर होने पर उन्हें बेहतर उपचार के लिए रायपुर रेफर किया गया है। विधायक ओंकार साहू ने अस्पताल में मौजूद चिकित्सकों एवं मेडिकल स्टाफ से चर्चा कर घायलों के उपचार की स्थिति की जानकारी ली।
विधायक श्री साहू ने हादसे में मृत लोगों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए शोकाकुल परिवारों के प्रति अपनी संवेदना जताई। उन्होंने कहा कि इस कठिन समय में पीड़ित परिवारों के साथ संवेदनशीलता के साथ खड़ा होना आवश्यक है। घायलों को उपचार में किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं अस्पताल प्रबंधन से समन्वय बनाए रखने की बात कही।प्रारंभिक जानकारी के अनुसार हादसे में शामिल लोग कबीरधाम जिले के निवासी बताए जा रहे हैं और जगदलपुर में आयोजित कार्यक्रम में धुमाल बजाने के लिए जा रहे थे। घटना की सूचना के बाद उनके परिजनों में शोक और चिंता का माहौल है।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!