Uncategorized

अछोटा आंगनबाड़ी केंद्र में आयोजित हुआ आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम, जिपं सभापति मोनिका देवांगन हुई मुख्य अतिथि के रूप में शामिल

महिला हितैषी योजनाओं की जानकारी के साथ पोषण, स्थानीय व्यंजन एवं रचनात्मक प्रतियोगिताओं का आयोजन

धमतरी- सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत जिले के आंगनबाड़ी केंद्रों में आयोजित किए जा रहे ‘आंगन मिलन सेवा’ कार्यक्रमों की कड़ी में ग्राम अछोटा के आंगनबाड़ी केंद्र में कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जिला पंचायत की सभापति श्रीमती मोनिका देवांगन मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं। इस अवसर पर बच्चों की माताएं, अभिभावक, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं मितानिन दीदियां उपस्थित रहीं।
मुख्य अतिथि श्रीमती देवांगन ने कहा कि आंगनबाड़ी केंद्र बच्चों के पोषण, स्वास्थ्य और प्रारंभिक शिक्षा के साथ महिलाओं एवं परिवारों को शासन की योजनाओं से जोड़ने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। उन्होंने महिलाओं को अपने अधिकारों और महिला हितैषी योजनाओं का लाभ उठाने के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि स्वस्थ और सुपोषित बच्चे ही मजबूत समाज की नींव हैं। उन्होंने माताओं से बच्चों के खान-पान, स्वच्छता और नियमित स्वास्थ्य जांच पर विशेष ध्यान देने का आग्रह किया।
कार्यक्रम में ‘स्वस्थ शिशु’ एवं ‘पोषण शक्ति सम्मान’ सहित स्थानीय व्यंजन, मेहंदी और रंगोली प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाई। प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पुरस्कार प्रदान कर प्रोत्साहित किया गया। साथ ही आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं मितानिन दीदियों द्वारा स्वास्थ्य एवं पोषण के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों की सराहना करते हुए उनका सम्मान किया गया।
इस दौरान हितग्राहियों ने शासन की योजनाओं से मिले लाभ और अपने अनुभव साझा किए। कार्यक्रम में पोषणयुक्त स्थानीय आहार, मातृ-शिशु स्वास्थ्य एवं जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रति जागरूकता बढ़ाने का संदेश दिया गया।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!