कुर्रा आंगनबाड़ी केंद्र में हुआ ‘आंगन मिलन’, पोषण और महिला सहभागिता का दिया संदेश
सेवा संकल्प अभियान के तहत रंगोली, मेहंदी, क्विज एवं स्वस्थ बालक प्रतियोगिता का आयोजन

धमतरी, 29 सितंबर 2026। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत कुर्रा आंगनबाड़ी केंद्र में ‘आंगन मिलन’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में महिला एवं बाल विकास सभापति श्रीमती सिंधु बैस मुख्य अतिथि के रूप में तथा पंच श्रीमती धार्मिन साहू वक्ता के रूप में उपस्थित रहीं।
मुख्य अतिथि श्रीमती सिंधु बैस ने ग्रामीणों को कुपोषण के प्रति जागरूक करते हुए कहा कि बच्चों के बेहतर स्वास्थ्य एवं पोषण के लिए परिवार के साथ-साथ समाज की सक्रिय भागीदारी भी आवश्यक है। उन्होंने महिलाओं की सहभागिता को समाज के विकास में महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा महिलाओं और बच्चों के कल्याण के लिए विभिन्न योजनाएं संचालित की जा रही हैं। इन योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
कार्यक्रम के दौरान महिलाओं एवं बच्चों की सहभागिता बढ़ाने के उद्देश्य से रंगोली, मेहंदी, क्विज तथा स्वस्थ बालक प्रतियोगिता आयोजित की गई। महिलाओं और बच्चों ने उत्साहपूर्वक प्रतियोगिताओं में हिस्सा लिया।
इस अवसर पर महिला हितग्राही श्रीमती राशिदा बेगम एवं श्रीमती गायत्री को ‘महतारी सम्मान’ से सम्मानित किया गया। आंगनबाड़ी केंद्र में उत्कृष्ट सहयोग एवं न्योता भोजन कराने के लिए श्री सुग्रीव दीवान एवं श्री सीताराम पटेल को सम्मानित किया गया। वहीं स्वस्थ बच्चे की माता श्रीमती हीरा बैस को भी सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के समापन पर उपस्थित ग्रामीणों, महिलाओं एवं बच्चों को नाश्ता वितरित किया गया। आंगन मिलन के माध्यम से पोषण, महिला सहभागिता तथा बच्चों के स्वस्थ विकास के प्रति सामुदायिक जागरूकता का संदेश दिया गया।
// अमित ।।
