निगम कार्यालय में विकास की बात होनी चाहिए, राहुल गांधी पर कटाक्ष की बात नहीं — दीपक सोनकर

धमतरी। निगम नेता प्रतिपक्ष दीपक सोनकर ने महापौर रामू रोहरा द्वारा निगम कार्यालय में लिये गये प्रेसवार्ता पर तंज कसते हुए कहा कि निगम कार्यालय जनता की समस्याओं और शहर के विकास पर चर्चा करने का स्थान है, लेकिन दुर्भाग्य से महापौर निगम कार्यालय को राजनीतिक बयानबाजी का मंच बनाने में लगे हुए हैं। यदि प्रेस कांफ्रेंस का उद्देश्य कांग्रेस पार्टी और राहुल गांधी पर राजनीतिक कटाक्ष करना है, तो इसके लिए भाजपा कार्यालय अधिक उपयुक्त स्थान है। महापौर को यह समझना चाहिए कि उन्हें जनता ने शहर के विकास और नागरिक सुविधाओं की जिम्मेदारी दी है, राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप की नहीं। शहर में पुलिया में बह जाने से एक छोटे बच्चे की मौत जैसी हृदयविदारक घटना सामने आई। ऐसे समय में महापौर को प्रेस कांफ्रेंस कर राजनीतिक बयान देने के बजाय घटनास्थल और शहर की जर्जर पुलिया, नालियों तथा जलभराव की स्थिति का जायजा लेना चाहिए था। यह सवाल भी उठना चाहिए कि निगम की व्यवस्था में ऐसी स्थिति क्यों बनी और भविष्य में किसी दूसरे परिवार को ऐसी त्रासदी से कैसे बचाया जाएगा? श्री सोनकर ने कहा जनता पूछ रही है कि शहर की पुलिया और नालियां कब सुधरेंगी? सड़कें कब ठीक होंगी? जलभराव से कब राहत मिलेगी? महापौर को राहुल गांधी और कांग्रेस की चिंता छोड़कर धमतरी की जनता की चिंता करनी चाहिए। निगम कार्यालय में बैठकर राजनीतिक बयान देने से शहर का विकास नहीं होगा। विकास के लिए जमीन पर उतरना पड़ेगा और जनता की समस्याओं का जवाब देना पड़ेगा। मैं महापौर से मांग करता हूं कि राजनीतिक बयानबाजी के बजाय नगर निगम की मूलभूत व्यवस्थाओं की समीक्षा करें, दुर्घटना वाले स्थानों का निरीक्षण करें और जिम्मेदार अधिकारियों के साथ मिलकर ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए ठोस कार्ययोजना सार्वजनिक करें। नगर निगम जनता की सेवा का संस्थान है, किसी राजनीतिक दल का प्रचार मंच नहीं।