पौधे लगाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनके संरक्षण और नियमित देखभाल की जिम्मेदारी भी निभानी होगी – अजय चंद्राकर

धमतरी । ग्राम भेण्डरी में विकसित भारत रोजगार एवं आजीविका मिशन के तहत गांव के सौंदर्यीकरण और पर्यावरण संरक्षण की दिशा में सड़क किनारे वृक्षारोपण कार्य शुरू किया गया। क्षेत्रीय विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री अजय चंद्राकर ने पौधारोपण कर अभियान का शुभारंभ किया। पंचायत द्वारा 2 किलोमीटर क्षेत्र में करीब 800 पौधे लगाने का लक्ष्य रखा गया है। इस कार्य पर लगभग 7 लाख रुपए खर्च किए जाएंगे। विधायक अजय चंद्राकर ने कहा कि पौधे लगाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनके संरक्षण और नियमित देखभाल की जिम्मेदारी भी निभानी होगी। पर्यावरण संरक्षण सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने पौधारोपण के साथ पौधों की देखभाल और संरक्षण का संकल्प लेने की बात कही। कार्यक्रम में ग्राम सरपंच राजेश्वरी आनंद पटेल, जनपद अध्यक्ष मगरलोड वीरेंद्र साहू, जिला पंचायत सदस्य मीना डेमू साहू, सभापति राजेश साहू, आदि उपस्थित रहे। वृक्षारोपण के बाद विधायक अजय चंद्राकर ग्राम परेवाडीह पहुंचे। यहां उन्होंने शहीद सालिक राम ध्रुव के परिवार से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया और वीर जवान को श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके बाद विधायक ग्राम मेघा पहुंचे, जहां उन्होंने बाढ़ में जान गंवाने वाले तनु निषाद के परिवार से मुलाकात की और श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान भाजपा मेघा मंडल के कार्यकर्ता भी मौजूद रहे।