हफ्ते भर बाद भी टूटी पाइप लाइन की रिपेयरिंग नहीं, सोरिद, जोधापुर, डाकबंगला, टिकरापारा वार्ड में पानी की किल्लत
निगम प्रशासन के सुस्त कार्यशैली पर पार्षद सुमन मेश्राम ने उठाए सवाल, त्वरित क्षतिग्रस्त पाइप लाइन को जोडऩे की मांग

धमतरी। नगर निगम की लापरवाही और सुस्त कार्यशैली एक बार फिर उजागर हुई है। सोरिद बागतराई मार्ग पुलिया में बच्चे फंसने के कारण पुलिया सहित सोरिद पानी टंकी से जाने वाले पाइप लाइन को तोड़ा गया था। आज हफ्ते भर बीत जाने के बाद भी टूटी पाइप लाइन को जोड़ा नहीं जा सका है। जिसके कारण सोरिद, जोधापुर, डाकबंगला, टिकरापारा वार्ड में पानी की भारी किल्लत बनी हुई है। वार्डवासियों को एक हफ्ते से पीने के पानी के लिए इधर-उधर भटकना पड़ रहा है। सबसे गंभीर बात यह है कि टूटी हुई पाइप लाइन से गंदा और दूषित पानी सीधे वार्डों में जा रहा है, जिसके कारण डायरिया, पीलिया जैसी गंभीर बीमारियों के फैलने की संभावना बढ़ गई है। लोग दूषित पानी पीने को मजबूर हैं। इस मामले में डाक बंगला वार्ड पार्षद सुमन मेश्राम ने निगम की कार्यशैली पर प्रश्न चिन्ह उठाते हुए त्वरित पाइप लाइन को जोडऩे की मांग की है। श्रीमती मेश्राम ने कहा कि हफ्ते भर हो गया, निगम एक पाइपलाइन नहीं जोड़ पा रहा है, पार्षद ने चेतावनी दी कि अगर जल्द पाइपलाइन नहीं जुड़ी तो वार्डवासियों के साथ निगम के जल विभाग का घेराव किया जाएगा।