Uncategorized

कुरूद में गूंजा नवाचार का संदेश, 150 विद्यार्थियों ने प्रस्तुत किए नए विचार

पांच करोड़ रुपये की पुरस्कार राशि वाली नवाचार प्रतियोगिता में भागीदारी के लिए विद्यार्थियों को किया प्रोत्साहित

धमतरी- युवाओं में नवाचार, उद्यमिता और नए व्यवसाय की सोच विकसित करने के उद्देश्य से सोमवार को संत गुरु घासीदास शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, कुरूद में ‘सेवा प्रथम नवाचार चुनौती सह जिला स्तरीय शिक्षा, उद्यमिता एवं नए व्यवसाय विकास कार्यक्रम’ का आयोजन किया गया। जिला व्यापार एवं उद्योग केन्द्र, धमतरी के सहयोग से आयोजित कार्यक्रम में करीब 150 छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और अपनी रचनात्मक सोच को सामने रखा।
कार्यक्रम में सीजीएस नेटवर्क के निदेशक उमेश महिलानी ने विद्यार्थियों को सेवा प्रथम नवाचार चुनौती के उद्देश्य, पंजीयन प्रक्रिया और प्रतियोगिता में भाग लेने की प्रक्रिया की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने युवा धमतरी पोर्टल के संबंध में भी विद्यार्थियों को बताया। उन्होंने विद्यार्थियों को अपने नवाचारी विचारों को विकसित कर उन्हें उद्यम एवं नए व्यवसाय के रूप में आगे बढ़ाने के लिए प्रेरित किया।

समस्या पहचानकर विद्यार्थियों ने सुझाए समाधान

जिला व्यापार एवं उद्योग केन्द्र के प्रशांत चंद्राकर और उमेश महिलानी ने विद्यार्थियों के साथ व्यावहारिक नवाचार चुनौती आयोजित की। इसमें विद्यार्थियों ने अपने आसपास की विभिन्न समस्याओं की पहचान की और उनके संभावित समाधान के रूप में अपने नवाचारी विचार प्रस्तुत किए। कुछ विद्यार्थियों ने दृश्य-प्रस्तुति के माध्यम से अपने विचार भी सामने रखे।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों को समस्या पहचान एवं विचार सृजन, नए व्यवसाय के लिए मार्गदर्शन एवं विचार प्रस्तुतीकरण, प्रतियोगिता पंजीयन, छत्तीसगढ़ औद्योगिक नीति 2024-30 तथा छत्तीसगढ़ नवाचार एवं नए व्यवसाय प्रोत्साहन नीति 2025-30 की जानकारी दी गई।

उद्यमिता जागरूकता कार्यक्रम के प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र

इस अवसर पर भारतीय प्रबंध संस्थान, रायपुर द्वारा 9 मार्च 2026 को कुरूद में आयोजित उद्यमिता जागरूकता कार्यक्रम में शामिल विद्यार्थियों को अतिथियों द्वारा प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए।
कार्यक्रम में अनुविभागीय अधिकारी राजस्व कुरूद पियूष तिवारी, महाप्रबंधक जिला व्यापार एवं उद्योग केन्द्र लोकपाल खंडेकर, नायब तहसीलदार योगेश नितमलकर, महाविद्यालय के प्राचार्य श्री पाण्डेय, कार्यक्रम प्रभारी एच.एल. टंडन, श्री ताम्रकार सहित महाविद्यालय के अधिकारी-कर्मचारी एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।17 अक्टूबर तक कर सकेंगे आवेदन
विद्यार्थियों को सेवा प्रथम नवाचार चुनौती में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेने के लिए प्रोत्साहित किया गया। प्रतियोगिता में कुल 5 करोड़ रुपये की पुरस्कार राशि निर्धारित है। इसमें 50 पुरस्कार दिए जाएंगे तथा प्रत्येक विजेता को अधिकतम 10 लाख रुपये तक का पुरस्कार मिल सकेगा। प्रतियोगिता के लिए आवेदन की अंतिम तिथि 17 अक्टूबर 2026 निर्धारित है।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!