Uncategorized

34 लाख रुपए के विकास कार्यों की सौगात, महापौर रामू रोहरा ने कहा- जनसुविधा के साथ पर्यटन विकास भी प्राथमिकता

टीन शेड का लोकार्पण, तिर्रा डूबान में बोट से पर्यटन को मिलेगी नई दिशा

धमतरी। नगर निगम क्षेत्र एवं आसपास के ग्रामीण इलाकों में जनसुविधाओं के विस्तार और पर्यटन को बढ़ावा देने की दिशा में महापौर जगदीश रामू रोहरा ने टीन शेड का लोकार्पण किया। करीब 34 लाख रुपए की लागत से तैयार इन कार्यों के साथ ही तिर्रा डूबान में पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा देने बोट का भी लोकार्पण किया गया।
महापौर ने गांधी चौक में 10 लाख, प्राथमिक शाला तिर्रा में 10 लाख, पुराना कोलियारी में 7 लाख और तिर्रा डूबान में 7 लाख रुपए की लागत से निर्मित टीन शेड का लोकार्पण किया। इन शेड के निर्माण से स्थानीय नागरिकों, विद्यार्थियों और सामाजिक संगठनों को कार्यक्रमों के आयोजन के लिए सुविधा मिलेगी। बारिश और तेज धूप के दौरान भी लोगों को राहत मिलेगी।

तिर्रा डूबान में पर्यटन की नई पहल

तिर्रा डूबान में बोट के लोकार्पण को क्षेत्र में पर्यटन गतिविधियों के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया गया। इस अवसर पर महापौर रामू रोहरा ने कहा कि तिर्रा डूबान में प्राकृतिक सुंदरता और जल क्षेत्र के कारण पर्यटन की अच्छी संभावनाएं हैं। बोट सुविधा शुरू होने से यहां आने वाले लोगों को बेहतर पर्यटन अनुभव मिलेगा और आने वाले समय में अन्य आवश्यक सुविधाओं का भी विस्तार किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि पर्यटन विकास का उद्देश्य केवल लोगों को मनोरंजन की सुविधा देना नहीं, बल्कि स्थानीय स्तर पर रोजगार और स्वरोजगार के अवसर पैदा करना भी है। क्षेत्र के लोगों को पर्यटन गतिविधियों से जोड़कर आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा देने का प्रयास किया जाएगा।

*जनसुविधा के साथ विकास पर जोर*

महापौर ने कहा कि विकास कार्य केवल सड़क और भवन तक सीमित नहीं हैं। जहां जैसी आवश्यकता है, वहां उसी के अनुरूप जनसुविधाओं का विस्तार करना प्राथमिकता है। शहर के साथ आसपास के क्षेत्रों में भी नागरिकों की मांग और आवश्यकता के अनुसार विकास कार्य आगे बढ़ाए जाएंगे।

लोकार्पण कार्यक्रम में जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे। क्षेत्रवासियों ने टीन शेड निर्माण और तिर्रा डूबान में बोट की सुविधा शुरू किए जाने पर महापौर का आभार जताया। नागरिकों ने क्षेत्र की अन्य विकास संबंधी मांगें भी रखीं, जिस पर महापौर ने आवश्यकतानुसार प्राथमिकता से कार्य कराने का आश्वासन दिया।

इस अवसर पर जिला पंचायत सभापति श्रीमती मोनिका देवांगन देवांगन,राजेंद्र सेन,भाजपा कार्यकर्ता पदाधिकारी सहित ग्रामवासी अधिक संख्या में उपस्थित थे।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!