जन प्रयास पोर्टल को जनभागीदारी का प्रभावी माध्यम बनाने कुरूद में सामाजिक संगठनों की समन्वय बैठक
एसडीएम पीयूष तिवारी ने कहा—प्रशासन और समाज के समन्वित प्रयासों से ही जनहित के कार्यों को मिलेगी व्यापक गति

धमतरी। जनकल्याणकारी कार्यों में जनभागीदारी को बढ़ावा देने और सामाजिक संगठनों की सक्रिय सहभागिता को एक साझा मंच प्रदान करने के उद्देश्य से आज जनपद पंचायत कुरूद के सभागार में अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) पीयूष तिवारी की अध्यक्षता में सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों की समन्वय बैठक आयोजित की गई। बैठक में जन प्रयास पोर्टल के प्रभावी क्रियान्वयन तथा क्षेत्र में संचालित सामाजिक गतिविधियों को अधिक व्यवस्थित एवं परिणाममुखी बनाने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।एसडीएम श्री तिवारी ने कहा कि समाज के विकास में प्रशासन की भूमिका महत्वपूर्ण है, लेकिन व्यापक और स्थायी बदलाव के लिए सामाजिक संगठनों, नागरिकों और प्रशासन का समन्वित प्रयास आवश्यक है।
5 सूत्रीय कार्ययोजना पर बनी सहमति
बैठक में जन प्रयास के अंतर्गत सामाजिक संगठनों की सहभागिता सुनिश्चित करने के लिए पांच प्रमुख बिंदुओं पर कार्ययोजना तैयार की गई। इसमें सामाजिक संगठनों की गतिविधियों का पंजीयन एवं जानकारी साझा करना, जनहितकारी कार्यों को प्राथमिकता देना, विभिन्न संगठनों के बीच समन्वय स्थापित करना, सेवा एवं सामाजिक गतिविधियों की नियमित जानकारी पोर्टल पर दर्ज करना तथा जनभागीदारी को व्यापक बनाने के लिए प्रचार-प्रसार करना शामिल है।
कुरूद साथी व्हाट्सएप ग्रुप से बढ़ेगा समन्वय
सामाजिक गतिविधियों की त्वरित जानकारी और आपसी समन्वय के लिए कुरूद साथी व्हाट्सएप ग्रुप के उपयोग पर भी चर्चा हुई। बैठक में वंदे मातरम परिवार, राइस मिल एसोसिएशन, हनुमान समिति, मुक्ति धाम समिति, शांति समिति, प्रेरक दल, खेल प्रतिभा, कुरूद प्रेस क्लब, अजय एजुकेशन हेल्थ फाउंडेशन सहित विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।