मसान डबरा में 13 को होगा वृहद वृक्षारोपण कार्यक्रम, जिपं अध्यक्ष अरुण सार्वा होंगे मुख्य अतिथि, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रकाश बैस करेंगे अध्यक्षता
सेवा संकल्प, हरित संकल्प के तहत पर्यावरण संरक्षण और ग्रामीण विकास का दिया जाएगा संदेश, पीएम जनमन आवास योजना के हितग्राहियों से भी जुड़ेंगे जनप्रतिनिधि

धमतरी। पर्यावरण संरक्षण, हरियाली संवर्धन और ग्रामीण विकास को बढ़ावा देने के उद्देश्य से ग्राम पंचायत सांकरा के आश्रित क्षेत्र मसान डबरा में 13 अक्टूबर, मंगलवार को सुबह 11 बजे सेवा संकल्प, हरित संकल्प के अंतर्गत वृहद वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम में धमतरी जिला पंचायत अध्यक्ष अरुण सार्वा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। वहीं भारतीय जनता पार्टी के जिला अध्यक्ष प्रकाश बैस कार्यक्रम की अध्यक्षता करेंगे। आयोजन में जनप्रतिनिधियों, भाजपा पदाधिकारियों, पंचायत प्रतिनिधियों, ग्रामीणों और मीडिया जगत से जुड़े लोगों की सहभागिता रहेगी।कार्यक्रम के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने, अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनके संरक्षण का संकल्प लेने का संदेश दिया जाएगा।
पौधरोपण के साथ पर्यावरण संरक्षण का संदेश
सेवा संकल्प, हरित संकल्प की अवधारणा के अंतर्गत आयोजित इस कार्यक्रम में पौधरोपण के साथ उनके संरक्षण और संवर्धन पर विशेष जोर रहेगा। पर्यावरण संतुलन बनाए रखने, हरित क्षेत्र बढ़ाने तथा आने वाली पीढिय़ों के लिए स्वच्छ और सुरक्षित वातावरण तैयार करने में पौधों की महत्वपूर्ण भूमिका है। ऐसे आयोजनों के माध्यम से ग्रामीणों को पर्यावरण के प्रति अपनी जिम्मेदारी समझने और पौधे लगाने के बाद उनकी नियमित देखभाल करने के लिए प्रेरित किया जाएगा। कार्यक्रम का उद्देश्य केवल पौधरोपण तक सीमित न रहकर जनभागीदारी के माध्यम से विकास और पर्यावरण संरक्षण को एक साथ आगे बढ़ाने का संदेश देना भी है।
अरुण सार्वा बोले—जनभागीदारी से ही धरातल पर दिखता है विकास
जिला पंचायत अध्यक्ष अरुण सार्वा ने कहा कि ग्रामीण विकास और पर्यावरण संरक्षण एक-दूसरे के पूरक हैं। गांवों में विकास के साथ प्रकृति और पर्यावरण का संतुलन बनाए रखना भी आवश्यक है। पौधरोपण जैसे जनहितकारी कार्यों में समाज के प्रत्येक वर्ग की भागीदारी महत्वपूर्ण है। जब जनप्रतिनिधि, पंचायत और ग्रामीण मिलकर किसी अभियान को आगे बढ़ाते हैं, तब उसका सकारात्मक परिणाम जमीन पर दिखाई देता है। उन्होंने कहा कि गांवों में शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना और ग्रामीणों को विकास की मुख्यधारा से जोडऩा उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है। जनभागीदारी, सहयोग और निरंतर प्रयासों से गांवों में स्थायी विकास की मजबूत नींव रखी जा सकती है।
प्रकाश बैस बोले—पर्यावरण संरक्षण के साथ योजनाओं का लाभ पहुंचाना जरूरी
भाजपा जिला अध्यक्ष प्रकाश बैस ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। प्रकृति की रक्षा और हरियाली बढ़ाने के लिए प्रत्येक नागरिक को अपनी भूमिका निभानी चाहिए। पौधे लगाना जितना जरूरी है, उतना ही जरूरी उनकी नियमित देखभाल कर उन्हें वृक्ष के रूप में विकसित करना भी है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में विकास कार्यों को गति देने के लिए केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन आवश्यक है। विशेष रूप से जरूरतमंद और वंचित परिवारों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाकर उन्हें बेहतर जीवन की सुविधाएं उपलब्ध कराना प्राथमिकता होनी चाहिए।
जिला पंचायत अध्यक्ष अरुण सार्वा की सोच
जिला पंचायत अध्यक्ष अरुण सार्वा ने बताया कि मसान डबरा के 34 कमार परिवारों के लिए आवास निर्माण की यह यात्रा उनके जीवन का एक गहरा अनुभव रहा है। इस कार्य में उन्हें यह सिखाया कि विकास केवल योजनाओ से नहीं बल्कि विश्वास सहभागिता और निरंतर प्रयास से जमीन पर दिखाई देने वाला परिणाम बनता है।


