एक्सिस बैंक की भखारा शाखा का नगर पंचायत अध्यक्ष ज्योति हरख जैन ने किया शुभारंभ
आधुनिक बैंकिंग सुविधाओं से आम नागरिकों का जीवन होगा सरल, शासकीय योजनाओं के क्रियान्वयन में भी मिलेगी मदद

भखारा। नगर में बैंकिंग सुविधाओं के विस्तार की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए एक्सिस बैंक की भखारा शाखा का उद्घाटन नगर पंचायत अध्यक्ष श्रीमती ज्योति हरख जैन के करकमलों से संपन्न हुआ। इस अवसर पर क्षेत्र के जनप्रतिनिधिगण, एक्सिस बैंक के अधिकारी एवं कर्मचारीगण सहित गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
उद्घाटन अवसर पर नगर पंचायत अध्यक्ष श्रीमती ज्योति हरख जैन ने अपने उद्बोधन में कहा कि किसी भी क्षेत्र के विकास में बेहतर बैंकिंग व्यवस्था की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। भखारा में एक्सिस बैंक की शाखा प्रारंभ होने से नगर एवं आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को आधुनिक बैंकिंग सुविधाएं स्थानीय स्तर पर उपलब्ध होंगी। इससे नागरिकों को बैंकिंग कार्यों के लिए दूर-दराज जाने की आवश्यकता कम होगी और उनका समय एवं श्रम बचेगा।
उन्होंने कहा कि बैंकिंग व्यवस्था का उद्देश्य केवल आर्थिक लेन-देन तक सीमित नहीं होना चाहिए, बल्कि आम नागरिकों के जीवन को सरल, सुविधाजनक और आर्थिक रूप से सशक्त बनाना भी होना चाहिए। बैंक के माध्यम से केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं को आम लोगों तक पहुंचाने, हितग्राहियों को बैंकिंग सुविधाओं से जोड़ने तथा योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन में भी महत्वपूर्ण सहयोग मिल सकता है।
श्रीमती जैन ने आशा व्यक्त की कि एक्सिस बैंक की भखारा शाखा आम नागरिकों, व्यापारियों, किसानों, महिलाओं एवं युवाओं को बेहतर बैंकिंग सेवाएं प्रदान करेगी और क्षेत्र की आर्थिक गतिविधियों को नई गति देने में सहायक बनेगी। उन्होंने बैंक प्रबंधन को नई शाखा के शुभारंभ पर बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर उपस्थित जनप्रतिनिधियों सीएमओ हरिकृष्ण पवारिया, उपाध्यक्ष विष्णु साहू, श्याम गौर, शशि गौर, छबिलाल निर्मलकर, राजू साहू,भूपेश्वरी चंदेल बैंक के वरिष्ठ अधिकारी गण एवं बैंक अधिकारियों ने भी शाखा के शुभारंभ पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए क्षेत्रवासियों को बेहतर बैंकिंग सेवाएं उपलब्ध कराने की बात कही।