Uncategorized

बिना वैध अनुज्ञप्ति पटाखों का भंडारण एवं बिक्री मामले में पुलिस की कार्यवाही,1.20 लाख रुपये के पटाखे जब्त

एसपी श्रीमती भावना पांडेय के निर्देश पर रुद्री पुलिस की दबिश, ग्राम भटगांव में अवैध रूप से भंडारित पटाखों का जखीरा बरामद

आरोपी के विरुद्ध विस्फोटक अधिनियम के तहत अपराध दर्ज

आगामी त्योहारों के दौरान आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा अवैध गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से धमतरी पुलिस द्वारा अवैध पटाखों के भंडारण, परिवहन एवं बिक्री के विरुद्ध सख्त कार्यवाही की जा रही है।
पुलिस अधीक्षक धमतरी श्रीमती भावना पांडेय द्वारा जिले के सभी थाना प्रभारियों को इस संबंध में सतत निगरानी रखने तथा अवैध गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध प्रभावी वैधानिक कार्यवाही करने के निर्देश दिए गए हैं।
इसी क्रम में थाना रुद्री पुलिस को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि ग्राम भटगांव स्थित एक नवनिर्मित मकान में बिना वैध अनुज्ञप्ति के बड़ी मात्रा में पटाखों का भंडारण कर उनकी बिक्री की तैयारी की जा रही है। सूचना की गंभीरता को देखते हुए थाना रुद्री पुलिस टीम के साथ तत्काल मौके पर पहुंची और बताए गए स्थान पर दबिश दी।
पुलिस टीम द्वारा मौके पर जांच के दौरान विभिन्न कंपनियों के पटाखे बरामद किए गए, जिन्हें बिना वैध अनुज्ञप्ति के भंडारित किया गया था। पुलिस ने मौके से कुल 10 नग खाची एवं 01 नग कार्टून में रखे पटाखे, जिनकी अनुमानित कुल कीमत 1,20,000 रुपये (एक लाख बीस हजार रुपये) है, विधिवत जब्त किए।
पटाखों का असुरक्षित तरीके से भंडारण आगजनी एवं दुर्घटना की आशंका उत्पन्न कर सकता था, जिससे आसपास के लोगों की जान-माल को खतरा हो सकता था। पुलिस द्वारा मामले में तत्काल वैधानिक कार्यवाही की गई।
आरोपी शुभम देवांगन पिता स्व. तरुण देवांगन 20 वर्ष निवासी ग्राम भटगांव, थाना रुद्री, जिला धमतरी के खिलाफ थाना रुद्री में धारा 9(ख), विस्फोटक अधिनियम, 1884 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया है।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!